भारत

50 से ज्यादा CCTV फुटेज से खुला स्वरूप नगर रेप-हत्या केस का राज

SHIDDHANT
18 Sept 2026 12:13 AM IST
50 से ज्यादा CCTV फुटेज से खुला स्वरूप नगर रेप-हत्या केस का राज
x
बरामद सामान की हो रही फॉरेंसिक जांच
Delhi दिल्ली। दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में नाबालिग लड़की के शव मिलने के मामले को पुलिस ने 72 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन नाबालिगों को भी पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो चाकू, घटना के समय पहने गए कपड़े और एक टेंपो बरामद किया गया है।
पुलिस ने बताया कि 13 सितंबर की सुबह स्वरूप नगर थाना क्षेत्र के एक खुले मैदान में एक नाबालिग लड़की का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में मृतका की पहचान नहीं हो पाई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम और एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मामले में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।
50 से अधिक CCTV कैमरों की जांच से मिले सुराग
पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की। जांच टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे 50 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज की जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध टेंपो इलाके में आता-जाता दिखाई दिया। हालांकि शुरुआती फुटेज में अंधेरा होने के कारण टेंपो का नंबर साफ नजर नहीं आ रहा था। इसके बाद पुलिस टीम ने अलग-अलग CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग को जोड़कर टेंपो के आने-जाने वाले रास्ते की पहचान की। पुलिस ने इस रूट का मौके पर जाकर सत्यापन किया और संदिग्ध वाहन तक पहुंचने के लिए जांच आगे बढ़ाई। CCTV फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस को अहम सुराग मिले।
रातभर चले सर्च ऑपरेशन में मिला टेंपो
पुलिस के मुताबिक, 15 और 16 सितंबर की रात इलाके में विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान संदिग्ध टेंपो स्वरूप नगर की खड्डा कॉलोनी में खड़ा मिला। टेंपो की जांच के बाद पुलिस चालक तक पहुंची। पूछताछ और अन्य जांच के आधार पर पुलिस ने शिवम उर्फ सुदामा उर्फ चुचु निवासी खड्डा कॉलोनी, स्वरूप नगर को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही तीन नाबालिगों को भी पकड़ा गया।
बरामद सामान की हो रही फॉरेंसिक जांच
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की निशानदेही पर दो चाकू, वारदात के समय पहने गए कपड़े और टेंपो बरामद किए गए हैं। बरामद सामान को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर घटना की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है। जांच एजेंसी यह भी पता लगा रही है कि वारदात में सभी आरोपियों की क्या भूमिका थी और क्या कोई अन्य व्यक्ति भी इसमें शामिल था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। आगे की कार्रवाई फॉरेंसिक रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।
Next Story