भारत

आर्केस्ट्रा में काम करने वाली महिला ने लगाई फांसी, सुसाइड नोट बरामद

Nilmani Pal
31 May 2026 1:49 PM IST
आर्केस्ट्रा में काम करने वाली महिला ने लगाई फांसी, सुसाइड नोट बरामद
x
पढ़े पूरी खबर

बिहार। समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र में पुलिस ने रविवार को एक महिला का शव उसके कमरे में पंखे से लटकता बरामद किया है। मृतक महिला आर्केस्ट्रा ग्रुप में काम करती थी। पुलिस के मुताबिक, मृतक महिला की पहचान झारखंड निवासी सूरज कुमार की पत्नी काजल कुमारी (25) के तौर पर हुई है।

वह यहां दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के वार्ड-11 में एक किराए के मकान में अकेले रहती थी। बताया जाता है कि वह यहां पर पिछले दो से तीन साल से रह रही थी। रविवार को सुबह जब काजल का दरवाजा बहुत देर तक नहीं खुला, तब आसपास के लोगों ने कमरे की खिड़की से अंदर झांक कर देखा। वह बेड पर पंखे से लटकी हुई थी। जिसके बाद आसपास के लोगों और पुलिस को जानकारी दी गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।

दलसिंहसराय के पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। एफएसएल की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है। शव को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। उन्होंने कहा कि घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया गया है। परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस पूरे मामले की सभी कोणों से जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। अभी मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। हालांकि, पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मानकर जांच की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

बताया गया कि मृतक महिला किसी एक विशेष आर्केस्ट्रा ग्रुप में काम नहीं करती थी, बल्कि किसी भी आर्केस्ट्रा उसे बुक कर ले जाता था। उसके बेड पर ही उसका मोबाइल मिला है जो बंद है।

Next Story