भारत

सेना के नाम का इस्तेमाल, फर्जी वेबसाइट का संचालक गिरफ्तार

Nilmani Pal
18 March 2025 7:37 AM IST
सेना के नाम का इस्तेमाल, फर्जी वेबसाइट का संचालक गिरफ्तार
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। नोएडा की सेक्टर-58 पुलिस ने भारतीय तटरक्षक बल की भर्ती प्रक्रिया में धोखाधड़ी के उद्देश्य से फर्जी वेबसाइट बनाने वाले आगरा निवासी आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में एक वर्ष पूर्व भारतीय तटरक्षक बल भर्ती बोर्ड के संयुक्त निदेशक कमांडेंट टी नागमलिन ने एफआईआर दर्ज कराई थी। मामले में जांच की जा रही थी। जांच के बाद आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। युवक से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले में युवक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

नोएडा जोन के एडीसीपी सुमित कुमार शुक्ला ने बताया कि 12 मार्च 2024 को थाना सेक्टर-58 पर मुकदमा दर्ज हुआ था। शिकायतकर्ता ने बताया था कि भारतीय तटरक्षक बल रक्षा मंत्रालय के अधीन एक सशस्त्र बल है। इसका जिम्मा भारत की समुद्री सुरक्षा करना है। इसकी भर्ती का एक कार्यालय सेक्टर-62 में है। विभाग ने विभिन्न स्तर पर भर्ती के लिए वेबसाइट बनाई हुई है। इस वेबसाइट का इस्तेमाल विभाग द्वारा विज्ञापन जारी करने और आवेदन करने के लिए किया जाता है।

27 दिसंबर 2023 को उन्हें सुरक्षा एजेंसी से एक ई-मेल प्राप्त हुआ। उन्होंने एक संदिग्ध और फर्जी वेबसाइट के बारे में जानकारी दी। इस वेबसाइट के माध्यम से भारतीय तटरक्षक बल के नाम से सहायक कमांडेंट सर्विसमैन के लिए एक फर्जी भर्ती अभियान चलाया जा रहा है। वेबसाइट किसने, कैसे और क्यों बनाई, इसकी जांच के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया गया था। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आगरा के गांव नानपुर निवासी गौरव सिंह ने फर्जी वेबसाइट बनाई थी। पिछले कई माह से पुलिस आरोपी को पकड़ने का प्रयास कर रही थी। सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। मामले में जल्द आरोपी के बयान दर्ज किए जाएंगे। उससे पूछताछ जारी है।

Next Story