भारत

ऑपरेशन सिंदूर: देशभर में मॉक ड्रिल, युद्ध जैसी स्थिति से निपटने के लिए तैयारी हुई तेज

jantaserishta.com
7 May 2025 5:24 PM IST
ऑपरेशन सिंदूर: देशभर में मॉक ड्रिल, युद्ध जैसी स्थिति से निपटने के लिए तैयारी हुई तेज
x
बढ़ते तनाव के बीच आम लोगों ने खुद को किया खतरे के लिए तैयार.
Operation Sindoor: आतंकवाद के खिलाफ भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर के बाद अब गृह मंत्रालय (MHA) के निर्देश पर आज देशभर में एक व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही है. इस अभ्यास का उद्देश्य युद्ध जैसे हालात और दुश्मन के हवाई हमलों के वक्त तैयारियों को परखना और आम जनता को जागरूक करना है.
दिल्ली के खान मार्केट में बुधवार को एक मॉक ड्रिल की गई, जिसमें सुरक्षाबलों और आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों ने भाग लिया. नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में भी शाम को मॉक ड्रिल की जाएगी. इसी प्रकार, बेंगलुरु के हलसूरु झील, जयपुर के एमआई रोड, पुणे के काउंसिल हॉल और हैदराबाद के काचेगुड़ा रेलवे स्टेशन पर भी मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया.
पंजाब के अमृतसर में पुलिस और सिविल डिफेंस टीमों ने मिलकर यह अभ्यास किया. वहीं मुंबई में क्रॉस मैदान और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) पर मॉक ड्रिल के जरिए हमले से निपटने की तैयारी का प्रदर्शन किया गया.
मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) डॉ. स्वप्निल निला ने जानकारी दी कि सिविल डिफेंस यूनिट की ओर से CSMT पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया. इस दौरान रेलवे की तत्परता का प्रदर्शन किया गया और आम जनता को सतर्क रहने का संदेश दिया गया.
मुंबई के अलावा कल्याण में भी मॉक ड्रिल की गई और नागरिकों को बिल्डिंग से बाहर निकाला गया. हरियाणा में 'ऑपरेशन अभ्यास' नाम से राज्यव्यापी मॉक ड्रिल की गई, जिसमें ब्लैकआउट अभ्यास और आम नागरिकों की भागीदारी भी शामिल रही.
भारतीय सेना ने मंगलवार की रात पाकिस्तान और PoK स्थित 9 आतंकी ठिकानों को एयरस्ट्राइक कर तबाह कर दिया है. तीनों सेना की इस संयुक्त कार्रवाई को 'ऑपरेशन सिंदूर' नाम दिया गया है. भारतीय जांबाजों ने पाकिस्तान में दाखिल हुए बिना 100 किमी अंदर स्थित बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद के मुख्यालय को बमबारी करके उड़ा दिया है. इसके अलावा पाकिस्तान में बने कुल चार और पीओके में स्थित पांच आतंकी ठिकानों को टारगेट किया गया है.
सूत्रों के मुताबिक भारतीय वायुसेना के मिराज-2000 और सुखोई-30MKI जैसे एडवांस फाइटर जेट्स ने बहावलपुर, कोटली और मुजफ्फराबाद में बने आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया. ये इलाके लंबे वक्त से जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा जैसे आतंकी संगठनों के गढ़ माने जाते रहे हैं. इसके अलावा स्कैल्प क्रूज मिसाइल और हैमर मिसाइलों से लैस भारतीय वायुसेना (IAF) के राफेल लड़ाकू विमानों ने भी इस ऑपरेशन में अपना शौर्य दिखाया है. राफेल में फिट होने वाले ये ऐसे दो ताकतवर हथियार हैं, जिनसे टारगेट पर सटीक हमला किया जा सकता है.
बोले राजनाथ सिंह
भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर में भारतीय सेना द्वारा अंजाम दिए गए ऑपरेशन सिंदूर पर पहली बार प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने बुधवार को 6 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों में 50 बीआरओ (सीमा सड़क संगठन) बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के उद्घाटन के अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में भारतीय सेना ने देश का मस्तक ऊंचा किया है.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, 'जैसा कि आप सबको जानकारी है कि कल रात भारतीय सेनाओं ने अपने शौर्य एवं पराक्रम का परिचय देते हुए एक नया इतिहास लिख दिया है. भारत की सेना ने सटीकता, सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की है. हमने जो लक्ष्य तय किए थे, उन्हें ठीक तय योजना के अनुसार सटीकता से ध्वस्त किया है. भारतीय सेना ने किसी भी नागरिक ठिकाने को जरा भी प्रभावित नहीं होने देने की संवेदनशीलता दिखाई है. यानी एक तरीके की सटीकता, सतर्कता और मानवीयता सेना ने दिखाई है.'
राजनाथ सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के लिए मैं हमारी सेना के जवानों और अधिकारियों को पूरे देश की ओर से साधुवाद देता हूं. और सेना को संपूर्ण सम्बल प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी साधुवाद देता हूं. रक्षा मंत्री ने अपने संबोधन के दौरान कहा, 'हमने हनुमान जी के उस आदर्श का पालन किया है, जो उन्होंने अशोक वाटिका उजाड़ते समय किया था- जिन मोहि मारा, तिन मोहि मारे. अर्थात केवल उन्हीं को मारा जिन्होंने हमारे मासूमों को मारा.'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सेनाओं ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ लॉन्च करके, पहले की तरह ही, इस बार भी आतंकियों को ट्रेनिंग देने वाले कैम्पों को तबाह करके करारा जवाब दिया है. भारत ने अपनी सरजमीं पर हुए हमले का जवाब देने के लिए, अपने ‘राइट टू रिस्पॉन्ड’ का इस्तेमाल किया है. हमने यह कार्रवाई बेहद सोच-समझकर, सधे हुए तरीके से की गई है. आतंकियों के हौसले पस्त करने के उद्देश्य से, यह कार्रवाई महज उनके कैम्पों, और बुनियादी ढ़ांचे तक ही सीमित रखी गई है. मैं हमारे सशस्त्र बलों के शौर्य को नमन करता हूं.'
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story
    null