भारत

यूपी में ‘ऑपरेशन कवच’ शुरू, अवैध बस संचालन पर परिवहन विभाग का शिकंजा

SHIDDHANT
28 Sept 2026 9:17 PM IST
यूपी में ‘ऑपरेशन कवच’ शुरू, अवैध बस संचालन पर परिवहन विभाग का शिकंजा
x
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और अवैध यात्री परिवहन पर रोक लगाने के लिए परिवहन विभाग ने सोमवार से ‘ऑपरेशन कवच’ अभियान शुरू किया है। यह विशेष राज्यव्यापी अभियान 28 सितंबर से 30 सितंबर तक चलाया जाएगा। परिवहन विभाग ने ग्रेटर नोएडा में आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) के दौरान आयोजित तकनीकी कार्यशाला में इस अभियान की घोषणा की। अधिकारियों के अनुसार, अभियान का उद्देश्य बिना अनुमति चल रही बसों और परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई करना है।
परिवहन विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने ऑपरेशन कवच की शुरुआत की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार राज्य में सुरक्षित, सुगम और तकनीक आधारित परिवहन व्यवस्था विकसित करने पर काम कर रही है। अभियान के तहत विभाग की प्रवर्तन टीमें प्रदेशभर में बसों की जांच करेंगी। बिना वैध अनुमति संचालित होने वाली बसों और नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्री वाहनों पर कार्रवाई की जाएगी। विभाग का कहना है कि अवैध परिवहन सेवाओं से जुड़े जोखिम को कम करना और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
इसके अलावा परिवहन विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में बढ़ते प्रदूषण को लेकर भी चिंता जताई। अधिकारियों ने पुराने और जीवन अवधि पूरी कर चुके वाहनों (End-of-Life Vehicles) के मालिकों से अधिकृत स्क्रैप सेंटरों पर वाहन जमा करने की अपील की। विभाग ने कहा कि पुराने प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों को हटाने से वायु गुणवत्ता सुधारने में मदद मिलेगी। वाहन मालिकों को आधिकारिक स्क्रैपिंग प्रक्रिया अपनाने की सलाह दी गई है।
परिवहन विभाग ने BS-I, BS-II, BS-III और BS-IV वाहनों के मालिकों से संबंधित सेवाओं के लिए परिवर्तन पोर्टल का उपयोग करने को कहा है। डिजिटल सेवाओं के जरिए विभाग नागरिकों को आसान और तेज सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रहा है। अधिकारियों ने बताया कि परिवहन विभाग की 52 सेवाओं को फेसलेस बनाया जा चुका है, जबकि 40 सेवाएं ऑटो अप्रूवल प्रणाली के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर कम लगाने पड़ेंगे। कार्यशाला में सड़क सुरक्षा नियमों को लेकर भी जागरूकता फैलाई गई। लोगों से नियंत्रित गति में वाहन चलाने, हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने, नशे में वाहन न चलाने और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन से बचने की अपील की गई।
Next Story