भारत
ऑपरेशन फायर ट्रेल: पटाखों की तस्करी पर सख्ती, 4.82 करोड़ रुपए की चीनी खेप जब्त, एक गिरफ्तार
jantaserishta.com
20 Oct 2025 5:56 PM IST

x
खुफिया जानकारी के आधार पर एक्शन.
मुंबई: दीपावली के ठीक पहले राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने 'ऑपरेशन फायर ट्रेल' के तहत चीनी पटाखों की अवैध तस्करी पर करारा प्रहार किया। न्हावा शेवा बंदरगाह (जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह) पर चीन से आए एक कंटेनर से 4.82 करोड़ रुपए मूल्य के पटाखे जब्त किए गए, जबकि गुजरात के वेरावल से एक मुख्य तस्कर की गिरफ्तारी हुई है।
डीआरआई अधिकारियों ने खुफिया जानकारी के आधार पर न्हावा शेवा बंदरगाह पर एक 40 फुट के कंटेनर को रोका, जो आईसीडी अंकलेश्वर (गुजरात) जा रहा था। कंटेनर के मेनिफेस्ट में 'लेगिंग्स' (महिलाओं के कपड़े) का उल्लेख था, लेकिन गहन जांच में सामने आया कि आगे की तरफ कपड़ों की एक पतली परत के पीछे 46,640 पटाखे और आतिशबाजी छिपाई गई थी।
कुल मिलाकर, यह खेप लगभग 20 मीट्रिक टन वजनी थी, जिसमें प्रतिबंधित रसायनों जैसे रेड लेड, कॉपर ऑक्साइड और लिथियम जैसे खतरनाक तत्व मौजूद थे। डीआरआई ने पूरी खेप को सीमा शुल्क अधिनियम के तहत जब्त कर लिया। बाद में तलाशी में तस्करी नेटवर्क से जुड़े आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद हुए, जो गिरोह की कार्यप्रणाली उजागर करते हैं।
विदेश व्यापार नीति के अनुसार, पटाखों का आयात आईटीसी (एचएस) वर्गीकरण के तहत 'प्रतिबंधित' श्रेणी में आता है। इसके लिए विस्फोटक नियम, 2008 के तहत विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) और पेट्रोलियम एवं विस्फोटक सुरक्षा संगठन (पीईएसओ) से विशेष लाइसेंस जरूरी होता है। बिना लाइसेंस के आयात न केवल कानूनी अपराध है, बल्कि यह बंदरगाहों की महत्वपूर्ण अवसंरचना, शिपिंग और लॉजिस्टिक्स चेन के लिए गंभीर खतरा पैदा करता है।
यह कार्रवाई 'ऑपरेशन फायर ट्रेल' का हिस्सा है, जो जुलाई 2025 से चल रहा है। इस अभियान के तहत अब तक सात कंटेनरों से लगभग 100 मीट्रिक टन चीनी पटाखे जब्त हो चुके हैं, जिनकी कीमत करीब 35 करोड़ रुपए बताई जा रही है। ये कंटेनर न्हावा शेवा, मुंद्रा बंदरगाह और कांडला एसईजेड से पकड़े गए थे, जहां माल को 'सजावटी पौधे', 'कृत्रिम फूल' और 'प्लास्टिक मैट्स' के नाम पर छिपाया गया था।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





