भारत

ऑपरेशन दृष्टि: सैन्य अस्पताल में 412 आंखों के ऑपरेशन, करीब 60 नेत्रहीनों की लौटी रोशन

jantaserishta.com
25 Nov 2026 5:03 PM IST
ऑपरेशन दृष्टि: सैन्य अस्पताल में 412 आंखों के ऑपरेशन, करीब 60 नेत्रहीनों की लौटी रोशन
x
नई दिल्ली: सैन्य अस्पताल में आयोजित नेत्र शिविर ने ऐसे सैकड़ों लोगों को नई उम्मीद दी जिनकी दुनिया सालों से अंधेरे में थी। ऑपरेशन दृष्टि के तहत सशस्त्र बल चिकित्सा सेवाओं (एएफएमएस) के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने पांच दिनों में 412 आंखों के ऑपरेशन किए। इनमें करीब 60 ऐसे मरीज भी शामिल थे, जो मोतियाबिंद के कारण पूरी तरह दृष्टिहीन हो चुके थे। इन सभी का सफल ऑपरेशन किया गया।
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक 25 नवंबर को संपन्न हुए इस शिविर में 197 जरूरतमंद नागरिकों समेत क्षेत्र के लोगों को मुफ्त उपचार मिला। इनमें से किसी की आंखों की रोशनी धुंधली पड़ चुकी थी तो किसी को पूरी तरह दिखाई देना बंद हो गया था। यह सैन्य चिकित्सा शिविर 22 से 24 नवंबर के बीच मेरठ में ऑपरेशन के लिए आयोजित किया गया था। इससे पहले एएफएमएस की टीम ने पिछले दो महीनों में बागपत, बुलंदशहर, हापुड़, शामली और मुरादाबाद में 12 हजार से अधिक लोगों की आंखों की जांच की।
इस अभियान के जरिए दूरदराज के गांवों और कस्बों तक पहुंचकर आंखों की बीमारियों से पीड़ित मरीजों की पहचान की गई। मेरठ सैन्य अस्पताल में शिविर के दौरान करीब 5,000 लोगों की जांच हुई। जरूरतमंद मरीजों को अस्पताल लाकर मोतियाबिंद, ग्लूकोमा, आंखों के पर्दे से जुड़ी बीमारियों और प्टेरिजियम के ऑपरेशन किए गए। विशिष्ट अतिथियों ने यहां मरीजों और डॉक्टरों से बातचीत की और नागरिकों को बड़े स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सेना के प्रयासों की सराहना की।
महानिदेशक सशस्त्र बल चिकित्सा सेवाएं एयर मार्शल संदीप थरेजा ने चिकित्सा टीम के समर्पण और पेशेवर दक्षता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि एएफएमएस केवल पूर्व सैनिकों और सेवारत सैनिकों के परिजनों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि उन नागरिकों को भी बेहतर चिकित्सा सुविधाएं देने पर ध्यान दे रही है, जिन्हें इलाज की सुविधाएं आसानी से उपलब्ध नहीं हैं। इस शिविर में 412 ऑपरेशन किसी भी पिछले नेत्र शिविर में किए गए ऑपरेशन की सबसे बड़ी संख्या है।
आर्मी अस्पताल (रिसर्च एंड रेफरल) के नेत्र रोग विभागाध्यक्ष ब्रिगेडियर संजय कुमार मिश्रा के नेतृत्व में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने यह उपलब्धि हासिल की। ऑपरेशन दृष्टि के तहत देश के दूरदराज और सुविधाओं से वंचित इलाकों में आधुनिक नेत्र चिकित्सा पहुंचाने के लिए ऐसे बड़े शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविर का आयोजन सूर्य कमान के तत्वावधान में किया गया।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story