भारत
नए कैंसर केयर सेंटर में ओपीडी शुरू, तीन मंजिला नए भवन में शिफ्ट अस्पताल
Shantanu Roy
17 Oct 2026 10:32 PM IST

x
Market. मंडी। कैंसर मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। नेरचौक मेडिकल कॉलेज में तृतीयक स्तर के कैंसर केंद्र की ओपीडी व्यवस्था नए भवन से शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा उद्घाटन किए जाने के बाद कैंसर अस्पताल को नए तीन मंजिला भवन में शिफ्ट कर दिया गया है। यहां मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श मिलने लगा है और कीमोथेरेपी की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जा रही है। अगले सप्ताह से रेडियोथेरेपी शुरू करने की तैयारी है। कैंसर मरीजों की डे केयर के साथ ही अब यहां मरीजों को भर्ती भी किया जा रहा है। इससे मंडी सहित आसपास के जिलों के कैंसर मरीजों को उपचार के लिए शिमला, एम्स और पीजीआई चंडीगढ़ जाने की जरूरत काफी हद तक कम हो गई है। नेरचौक स्थित श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में कैंसर उपचार की सुविधाओं को चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जा रहा है। नए भवन में ओपीडी शुरू होने से मरीजों को अब कैंसर संबंधी परामर्श और उपचार के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधा मिलने लगी है।
केंद्र में 10 बिस्तरों वाला डे-केयर वार्ड भी स्थापित किया गया है, जहां मरीजों की कीमोथेरेपी की जा रही है। अब हर दिन कैंसर केयर सेंटर में अब हर दिन मंडी, कुल्लू, लाहौल स्पीति, बिलासपुर और हमीरपुर जिला से भी मरीज पहुंच रहे हैं। पहले जिन मरीजों को कीमोथेरपी और रेडियोथेरपी के लिए आईजीएमसी शिमला जाना पड़ता था, उनका ईलाज अब यही पर हो रहा है। केसर केयर सेंटर स्थापित करने के लिए प्रदेश सरकार ने 51 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। इसके साथ ही नेरचौक मेडिकल कालेज में कैंसर पर शोध भी हो सकेगा। नेरचौक मेडिकल कालेज अस्पताल के एमएस डा. रती राम नेगी ने बताया कि कैंसर केयर सेंटर को नए भवन शिफ्ट कर दिया गया है। यहां ओपीडी, कैंसर मरीजों की रजिस्टे्रश और ईलाज शुरू कर दिया गया है। अगले हफ्ते से रेडियोथेरपी भी शुरू हो जाएगी। कैंसर मरीजों को आधुनिक उपचार उपलब्ध करवाने के लिए करीब 21.05 करोड़ रुपए की लागत से रेडियोथेरेपी उपकरण स्थापित किया गया है। अब अगले सप्ताह से इस सुविधा को शुरू करने की तैयारी है। इन उपकरणों की स्थापना पूरी हो चुकी है और अस्पताल का आधा स्टाफ रेडियोथेरपी की ट्रेनिंग हैदराबाद से लेकर वापिस आ गया है। जबकि दूसरा बैच एक दो दिनों में वापिस लौटेगा। जिसके बाद अगले हफ्ते से रेडियोथेरपी भी नेरचौक अस्पताल में ही मिलना शुरू हो जाएगी।
Next Story





