भारत

नशे की ऑनलाइन दुकान का पर्दाफाश, 55 लाख के गांजे के साथ 3 गिरफ्तार

SHIDDHANT
9 Nov 2026 4:36 PM IST
नशे की ऑनलाइन दुकान का पर्दाफाश, 55 लाख के गांजे के साथ 3 गिरफ्तार
x
पुलिस ने तीनों को दबोचा
Noida नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में बिसरख थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गांजा तस्करी में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 55 किलो 124 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाला गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 55 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक एक्सेंट कार भी जब्त की है। डीसीपी प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एडीसीपी की निगरानी और एसीपी-2 के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी।
एक्सेंट कार से गांजा तस्करी करते पकड़े गए आरोपी
पुलिस के मुताबिक, बीती रात टीम ने सूचना के आधार पर गोल्डन ग्रैंड रोड पर निर्माणाधीन इमारत के पास एक एक्सेंट कार को रोका। कार में तीन लोग सवार थे। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आलम खान, वसीम और लक्ष्य राठौर के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर गांजा और कार जब्त कर ली।
Telegram और ऑनलाइन पार्सल से करते थे सप्लाई
पुलिस के अनुसार, आरोपी गांजे की सप्लाई के लिए कारों के साथ Telegram और ऑनलाइन पार्सल सेवाओं का भी इस्तेमाल करते थे। इनके निशाने पर स्थानीय युवा और नशीले पदार्थों का सेवन करने वाले लोग थे।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
डीसीपी प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि आरोपियों से कुल 55.124 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत करीब 55 लाख रुपये आंकी गई है। बिसरख पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस की इस कार्रवाई में गांजा तस्करी के लिए इस्तेमाल की जा रही कार भी बरामद हुई है।
Next Story