भारत

तीन मंजिला इमारत गिरने से एक की मौत, कई घायल

Nilmani Pal
29 April 2023 12:16 PM GMT
तीन मंजिला इमारत गिरने से एक की मौत, कई घायल
x
देखें वीडियो

भिवंडी। मुंबई से सटे भिवंडी शहर में एक तीन मंजिला इमारत के अचानक गिर जाने की वजह से मलबे में 20 लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। यह घटना भिवंडी के वलपाड़ा इलाके की है। फ़िलहाल घटना स्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है। 9 को बचा लिया गया है जिनमें से एक की मौत हो गई। यह ग्राउंड प्लस टू की इमारत है। हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस के दमकल विभाग और एनडीआरएफ की टीम मौके के लिए रवाना हुई।

महाराष्ट्र के पंचायती राज मंत्री कपिल पाटिल ने बताया, 'करीब 20 लोग मलबे में फंसे हैं। 9 को बचा लिया गया जिनमें से 8 का इलाज जारी है। जबकि एक की मौत हो गई है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।'प्राथमिक जानकारी के मुताबिक इस इमारत में तीन से चार परिवार रहते थे। घटनास्थल पर एंबुलेंस मौजूद है। घायलों को मलबे से बाहर निकालने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा है।

कहा जा रहा है कि इस बिल्डिंग के नीचे एक गोदाम था। इमारत की ऊपरी तीन मंजिलों पर लोग रहते थे। यह भी बताया जा रहा है कि इस गोदाम में 30 से 35 लोग काम कर रहे थे। इमारत ढहने की वजह से यह सभी मजदूर इमारत के नीचे दब गए। इमारत के मलबे के नीचे अन्य निवासी भी दब गए। फिलहाल कितने लोग मलबे में दबे हुए हैं। इसका कोई आधिकारिक आंकड़ा नहीं है।


Next Story