भारत

'OMG 2' को लेकर विवादों का सिलसिला जारी, हिन्दू संगठन ने दिया विवादित बयान

Harrison
12 Aug 2023 11:13 AM GMT
OMG 2 को लेकर विवादों का सिलसिला जारी, हिन्दू संगठन ने दिया विवादित बयान
x
उत्तर प्रदेश | बॉलीवुड के सुपरस्टार अक्षय कुमार की फिल्म ओह माय गॉड 2 रिलीज हो चुकी है। लेकिन ये फिल्म रिलीज से पहले से ही विवादों में रही है और रिलीज के बाद भी फिल्म को लेकर विवाद खत्म नहीं हो रहा है। दरअसल, फिल्म पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लग रहा है। वहीं अब यूपी के आगरा के एक हिंदू संगठन ने विवादित बयान दे दिया है और अक्षय कुमार को लेकर बड़ा ऐलान कर दिया है।
दरअसल, उत्तर प्रदेश के आगरा के एक हिंदू संगठन राष्ट्रीय हिंदू परिषद भारत ने ऐलान किया है कि ‘जो कोई भी अक्षय कुमार को थप्पड़ मारेगा या उस पर थूकेगा उसे 10 लाख रुपये इनाम के तौर पर दिए जाएंगे’। इस ऐलान को करते हुए संगठन की ओर से कहा गया है कि एक्टर ने उनकी धार्मिक भावनाओं को आहत किया है। इसके साथ ही संगठन ने अक्षय कुमार के पुतले और फिल्म के पोस्टर भी फूंके हैं।
राष्ट्रीय हिंदू परिषद के साथ-साथ ही दुर्गा वाहिनी की ओर से भी फिल्म को लेकर नाराजगी जाहिर की गई है। दुर्गा वाहिनी की संस्थापक वृन्दावन की साध्वी ऋतंभरा ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि ‘बॉलीवुड में बार-बार हिंदू देवी-देवताओं को लेकर फिल्म बनती है ये हिंदू धर्म की उदारता है जो ऐसा होने दे रहे हैं’। ‘वे हिंदू धर्म को छोड़कर दूसरे धर्म पर कमेंट करने या बात करने से डरते हैं पहले भी कई बार फिल्मों में हिंदू देवी-देवताओं का अपमान किया जा चुका है। हिंदुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ नहीं किया जाना चाहिए’।
वहीं फिल्म की बात करें तो ओएमजी 2 में अक्षय कुमार के अलावा पंकज त्रिपाठी और यामी गौतम भी मुख्य भूमिका में हैं। वहीं फिल्म ने रिलीज के पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर 10.26 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया है। ऑडियंस और क्रिटिक्स OMG-2 को भी काफी पसंद कर रहे हैं।
Next Story