भारत

ओडिशा: संबलपुर में दो दिन पहले कीटनाशक पीने वाले 45 साल के किसान की मौत पर बेटे ने दिया बयान

Admin4
7 Aug 2021 10:24 PM IST
ओडिशा: संबलपुर में दो दिन पहले कीटनाशक पीने वाले 45 साल के किसान की मौत पर बेटे ने दिया बयान
x
ओडिशा के संबलपुर जिले में दो दिन पहले कीटनाशक पीने वाले 45 साल के किसान की शुक्रवार को इलाज के दौरान मौत हो गई. किसान के बेटे दशरथ ने कहा कि उनके पिता कैबल्या रोहिदास आर्थिक और मानसिक तनाव का सामना कर रहे थे.

जनता से रिश्ता वेबडेस्क ;- पश्चिमी ओडिशा के संबलपुर जिले में दो दिन पहले कीटनाशक पीने वाले 45 साल के किसान की शुक्रवार को इलाज के दौरान मौत हो गई. किसान के बेटे दशरथ ने कहा कि उनके पिता कैबल्या रोहिदास आर्थिक और मानसिक तनाव का सामना कर रहे थे. साथ ही कहा कि इस बार धान की फसल खराब हुई थी और जिसके चलते कम कीमत पर उसकी बिक्री हुई और उन्हें 1.5 लाख रुपए का नुकसान हुआ.

दशरथ ने कहा कि रबी का मौसम हमारे लिए बहुत सही नहीं रहा. बारिश के कारण उपज बहुत कम थी और कुल फसल केवल 200 किलो के आसपास थी. साथ ही कहा कि पिता टोकन प्रणाली के तहत आवंटित कुल उपज का केवल 45 किलो ही बेच सकते थे. बची हुई फसल को बहुत ही कम कीमत पर बेच दिया गया. इसके अलावा कहा कि उन्होंने 70,000 रुपए से अधिक का कर्ज भी लिया था.
पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया
पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है. वहीं प्रशासन ने जिला स्तरीय जांच भी शुरू कर दी है. धनकौड़ा के प्रखंड विकास अधिकारी बसंत हाटी ने कहा कि हम मामले की जांच कर रहे हैं. धान खरीद और संकटग्रस्त बिक्री की जानकारी भी देखी जा रही है. इस महीने की शुरुआत में रबी सीजन के दौरान धान खरीद में कुप्रबंधन के आरोपों के बाद मुख्य सचिव सुरेश महापात्र ने सभी कलेक्टरों को ये सुनिश्चित करने के लिए कहा था कि खरीफ सीजन के दौरान किसी भी किसान को अपनी उपज सरकार को बेचने में समस्या न हो.
विपक्ष बार-बार राज्य में धान खरीद में कथित कुप्रबंधन को लेकर सवाल खड़ा कर चुका है. बीजेपी ने जहां धान खरीद के लिए राज्य सरकार की टोकन प्रणाली की आलोचना की थी, वहीं कांग्रेस ने अनियमितताओं की लोकायुक्त जांच की मांग की थी.


Next Story