भारत

ओडिशा पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी मामले में एक नाइजीरियाई नागरिक को किया गिरफ्तार

Shantanu Roy
15 Dec 2022 3:56 PM GMT
ओडिशा पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी मामले में एक नाइजीरियाई नागरिक को किया गिरफ्तार
x
बड़ी खबर
भुवनेश्वर(आईएएनएस)| ओडिशा पुलिस की क्राइम ब्रांच ने ओडिशा में एक महिला से 28.67 लाख रुपये ठगने करने के आरोप में दिल्ली से एक नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी है। आरोपी की पहचान 35 वर्षीय पैट्रिक चिजोरम ओराजका के रूप में हुई है। नाइजीरियाई नागरिक को देश की राजधानी दिल्ली के एक अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया गया। क्राइम ब्रांच के एक अधिकारी ने बताया कि बाद में उसे दिल्ली की एक अदालत में पेश किया गया, जहां उसे ट्रांजिट रिमांड पर ओडिशा लाया गया है। अधिकारी के मुताबिक, महिला सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए आरोपी के संपर्क में आई थी। नाइजीरियाई नागरिक ने नीदरलैंड की स्त्री रोग विशेषज्ञ होने का नाटक करते हुए इंस्टाग्राम मैसेंजर पर महिला से चैट करना शुरू किया था।
इसके बाद उसने अपना व्हाट्सएप नंबर उसके साथ साझा किया और चैट करना जारी रखा। दोनों में दोस्ती हो गई और 5 दिन बाद आरोपी (जो लड़की बनकर महिला से बात करता था) ने उसे बताया कि वह उससे मिलने भारत आ रहा है। अगले ही दिन, शिकायतकर्ता को एक कॉल आया और कॉल करने वाले ने खुद को दिल्ली एयरपोर्ट से एक सीमा शुल्क अधिकारी के रूप में पेश किया। उसने बतया कि उसकी दोस्त (आरोपी) को उसके साथ 90 हजार यूरो ले जाने के लिए हिरासत में लिया गया है। पीड़िता ने अपनी सहेली को छुड़ाने के लिए अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा करवाए। जब पैसों की मांग दिन-ब-दिन बढ़ती गई तो पीड़िता समझ गई कि उसके साथ किसी जालसाज ने ठगी की है और मामले की शिकायत साइबर क्राइम थाने में की। पुलिस ने आरोपी के पास से 16 एटीएम कार्ड, 12 मोबाइल फोन, 22 बैंक पासबुक, 10 बैंक चेक बुक, 20 सिम कार्ड, एक लैपटॉप, पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।
Next Story