भारत

NEET अभ्यर्थियों को ओडिशा सरकार का बड़ा तोहफा, री-एग्जाम के लिए मिलेगी मुफ्त बस सेवा

SHIDDHANT
11 Jun 2026 9:54 PM IST
NEET अभ्यर्थियों को ओडिशा सरकार का बड़ा तोहफा, री-एग्जाम के लिए मिलेगी मुफ्त बस सेवा
x
Bhubaneswar भुवनेश्वर। Odisha सरकार ने 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली NEET (UG) पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है। राज्य सरकार ने परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए मुफ्त बस सेवा उपलब्ध कराने का फैसला किया है।
राज्य के वाणिज्य एवं परिवहन विभाग ने इस संबंध में निर्देश जारी करते हुए कहा है कि NEET (UG) री-एग्जाम में शामिल होने वाले उम्मीदवार Odisha State Road Transport Corporation की बसों में बिना किसी शुल्क के यात्रा कर सकेंगे। इसके लिए अभ्यर्थियों को बस में अपना NEET एडमिट कार्ड दिखाना होगा, जो यात्रा के लिए मान्य दस्तावेज के रूप में स्वीकार किया जाएगा। सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य छात्रों को परीक्षा केंद्रों तक सुगमता और समय पर पहुंच सुनिश्चित करना है। कई अभ्यर्थियों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, ऐसे में मुफ्त परिवहन सुविधा से उन्हें आर्थिक और यात्रा संबंधी राहत मिलेगी।
जानकारी के अनुसार, राज्यभर में NEET (UG) पुनर्परीक्षा के लिए कुल 134 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर हजारों छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। परिवहन विभाग ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि परीक्षा के दिन बस सेवाओं का संचालन सुचारू रूप से किया जाए और छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। शिक्षा और परिवहन विभाग के संयुक्त प्रयास से शुरू की गई यह सुविधा छात्रों के हित में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले अभ्यर्थियों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है। सरकार ने सभी अभ्यर्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और यात्रा के दौरान अपना एडमिट कार्ड साथ रखने की अपील की है।
Next Story