
x
भुवनेश्वर। ओडिशा भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चुने हुए प्रतिनिधि के रूप में 25 वर्ष पूरे करने पर उन्हें बधाई दी है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर केंद्रीय कैबिनेट ने एक संकल्प पत्र जारी किया है, जिसका ओडिशा भाजपा स्वागत करती है। सामल ने प्रधानमंत्री मोदी की दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि ओडिशा प्रदेश की ओर से उनका अभिनंदन और साधुवाद किया जाता है।
मनमोहन सामल ने प्रधानमंत्री के कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत की है और देश की अर्थव्यवस्था दुनिया में चौथे स्थान तक पहुंची है। उन्होंने जी-20 और ब्रिक्स जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत के नेतृत्व का भी जिक्र किया और कहा कि इससे देश का आत्मविश्वास बढ़ा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार ने नक्सलवाद और आतंकवाद के खिलाफ मजबूत कार्रवाई की है। उन्होंने दावा किया कि देश को नक्सलवाद से मुक्त करने की दिशा में बड़ी सफलता मिली है और आतंकवाद के खिलाफ भी प्रभावी कदम उठाए गए हैं।
सामल ने गरीब कल्याण से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि किसान सम्मान योजना के तहत किसानों को बड़े पैमाने पर आर्थिक सहायता दी गई है। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा पर भी भारी राशि खर्च की गई और जरूरतमंद परिवारों को मकान, गैस कनेक्शन तथा बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराए गए। उन्होंने केंद्र सरकार की नई शिक्षा नीति का जिक्र करते हुए कहा कि शिक्षा क्षेत्र में बदलाव लाने के लिए इसे लागू किया गया है। साथ ही आयुष्मान योजना के तहत आम लोगों को मुफ्त चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।
मनमोहन सामल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंचा है और भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी स्थिति को मजबूत किया है।
उन्होंने एक बार फिर प्रधानमंत्री मोदी को 25 वर्ष के सेवा कार्यकाल की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ओडिशा भाजपा उनके नेतृत्व और कार्यों का सम्मान करती है।
Next Story





