भारत

वनडे विश्व कप 2027 का शेड्यूल घोषित, 10 अक्टूबर को भारत-पाकिस्तान महामुकाबला

SHIDDHANT
1 Oct 2026 10:04 PM IST
वनडे विश्व कप 2027 का शेड्यूल घोषित, 10 अक्टूबर को भारत-पाकिस्तान महामुकाबला
x
Delhi दिल्ली। आईसीसी पुरुष वनडे विश्व कप 2027 का पूरा शेड्यूल घोषित कर दिया गया है। टूर्नामेंट दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में आयोजित होगा। विश्व कप का सबसे चर्चित मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच 10 अक्टूबर 2027 को जोहान्सबर्ग में खेला जाएगा। आईसीसी ने गुरुवार को केपटाउन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान टूर्नामेंट के ग्रुप और मुकाबलों की घोषणा की। विश्व कप 2027 में कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी और 57 मुकाबले खेले जाएंगे। टूर्नामेंट के लिए 12 मैदान तय किए गए हैं। मुकाबले दक्षिण अफ्रीका के अलावा जिम्बाब्वे और नामीबिया में भी आयोजित होंगे। इस बार विश्व कप के फॉर्मेट में भी बदलाव किया गया है और नॉकआउट चरण से पहले तीन अलग-अलग स्टेज रखे गए हैं।
विश्व कप की शुरुआत 2 अक्टूबर 2027 से नामीबिया के विंडहोक में सुपर सीरीज के मुकाबलों के साथ होगी। 2, 4 और 6 अक्टूबर को तीन सुपर सीरीज मैच खेले जाएंगे। इसके बाद 7 अक्टूबर से मुख्य ग्रुप स्टेज शुरू होगा। भारत अपने अभियान की शुरुआत 7 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ केपटाउन में करेगा। इसके बाद क्रिकेट प्रशंसकों की निगाहें 10 अक्टूबर को होने वाले भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर रहेंगी। यह हाई-वोल्टेज मैच जोहान्सबर्ग में खेला जाएगा। पाकिस्तान अपना पहला ग्रुप मुकाबला 8 अक्टूबर को अफगानिस्तान के खिलाफ खेलेगा।
आईसीसी के अनुसार, ग्रुप स्टेज में टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष तीन टीमें सुपर-7 चरण में पहुंचेंगी। दोनों ग्रुप में चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों में से बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम को भी सुपर-7 में जगह मिलेगी। इसके बाद सुपर-7 की शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी।
टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 21 नवंबर 2027 को खेला जाएगा। विश्व कप के दौरान दक्षिण अफ्रीका में केपटाउन, जोहान्सबर्ग, डरबन, ब्लोमफोंटेन, पार्ल, त्श्वाने, कुगोम्पो सिटी और गकेबेरहा समेत कई शहर मुकाबलों की मेजबानी करेंगे। जिम्बाब्वे में हरारे, बुलावायो और विक्टोरिया फॉल्स में मैच होंगे, जबकि नामीबिया में विंडहोक प्रमुख आयोजन स्थल रहेगा। विश्व कप के टिकटों के लिए बैलेट प्रक्रिया भी 1 अक्टूबर 2026 से शुरू कर दी गई है। क्रिकेट प्रशंसक 21 नवंबर 2026 तक टिकट बैलेट में अपनी रुचि दर्ज करा सकेंगे। भारत-पाकिस्तान मुकाबला एक बार फिर टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा चर्चा वाले मैचों में शामिल है। 10 अक्टूबर को जोहान्सबर्ग में होने वाले इस मुकाबले पर दुनिया भर के क्रिकेट प्रशंसकों की नजर रहेगी।
Next Story