
x
JAIPUR जयपुर। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने जयपुर में आयोजित चार दिवसीय ‘ऑक्टेव’ कार्यक्रम के समापन समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम देश के अलग-अलग हिस्सों की संस्कृति को करीब से समझने का अवसर प्रदान करते हैं।
दीया कुमारी ने बताया कि ‘ऑक्टेव’ कार्यक्रम का आयोजन वेस्ट जोन कल्चरल सेंटर की ओर से किया गया। इसमें पूर्वोत्तर भारत के बड़ी संख्या में कलाकारों और लोक कलाकारों ने भाग लिया। कार्यक्रम के जरिए नॉर्थ ईस्ट की कला, हस्तशिल्प, खान-पान, पारंपरिक पहनावे और लोक नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक विशेषताओं को राजस्थान के लोगों के सामने प्रस्तुत किया गया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि चार दिनों तक चले इस कार्यक्रम में पूर्वोत्तर भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक देखने को मिली। उन्होंने आयोजन से जुड़े कलाकारों, हस्तशिल्पियों और अन्य प्रतिभागियों को बधाई दी।
दीया कुमारी ने कहा कि इस तरह के एक्सचेंज प्रोग्राम काफी महत्वपूर्ण होते हैं। इनके जरिए राजस्थान के लोगों को पूर्वोत्तर के राज्यों, वहां रहने वाले लोगों और उनकी संस्कृति के बारे में बेहतर तरीके से जानकारी मिलती है। इससे लोगों के बीच जागरूकता बढ़ने के साथ देश की सांस्कृतिक विविधता को समझने का अवसर भी मिलता है। उन्होंने कार्यक्रम को पश्चिम और पूर्व भारत के बीच सांस्कृतिक सेतु बनाने की पहल बताते हुए इसकी सराहना की। दीया कुमारी ने कहा कि ‘वेस्ट को ईस्ट से जोड़ने’ का जो प्रयास इस आयोजन के माध्यम से किया गया है, वह वास्तव में सराहनीय है।
Next Story





