भारत

युवती पर अश्लील टिप्पणी का विरोध पड़ा भारी, युवक पर ब्लेड से किया हमला

Shantanu Roy
12 Sept 2026 10:11 PM IST
युवती पर अश्लील टिप्पणी का विरोध पड़ा भारी, युवक पर ब्लेड से किया हमला
x
छग
Dhamtari. धमतरी। जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र में आयोजित छठ्ठी कार्यक्रम के दौरान युवती पर अश्लील टिप्पणी का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोपी ने विरोध करने वाले व्यक्ति पर सर्जिकल ब्लेड से हमला कर दिया। मामले में मगरलोड पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार सर्जिकल ब्लेड भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार घटना 6 सितंबर 2026 की है। इस मामले में प्रार्थी पप्पू साहू निवासी खमतराई, रायपुर अपने परिवार के साथ ग्राम चन्द्रसुर में आयोजित छठ्ठी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।
अश्लील टिप्पणी का विरोध करने पर हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक कार्यक्रम के दौरान शाम करीब 7:30 बजे घर के पास गली में आरोपी डोमेश्वर साहू निवासी परसदा, भाठापारा वार्ड नंबर-11, थाना राजिम, जिला गरियाबंद द्वारा प्रार्थी की भांजी पर कथित रूप से अश्लील टिप्पणी की गई। प्रार्थी ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी भड़क गया। आरोप है कि आरोपी ने पहले गाली-गलौज की और इसके बाद अपनी जेब से सर्जिकल ब्लेड निकालकर प्रार्थी पर हमला कर दिया। हमले में प्रार्थी की पीठ पर बाएं कंधे के नीचे चोट आई। घटना के बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई।
पुलिस ने दर्ज किया अपराध
प्रार्थी की शिकायत पर चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 165/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2) और 118(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर चौकी करेलीबड़ी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
आरोपी की निशानदेही पर बरामद हुआ ब्लेड
पुलिस टीम ने आरोपी डोमेश्वर साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में इस्तेमाल किए गए सर्जिकल ब्लेड को ग्राम चन्द्रसुर स्थित स्वागत गेट के पास छिपाकर रखने की जानकारी दी। आरोपी के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में मौके से धारदार सर्जिकल ऑपरेशन ब्लेड मय प्लास्टिक कवर बरामद कर जब्त किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
महिलाओं और आम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता
धमतरी पुलिस ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं के साथ अशोभनीय व्यवहार, सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाने, गाली-गलौज और मारपीट जैसे मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है। ऐसे मामलों में नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में गुंडा-बदमाशों और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान डोमेश्वर साहू (30 वर्ष), पिता गोवर्धन साहू, निवासी परसदा (भाठापारा), थाना राजिम, जिला गरियाबंद के रूप में हुई है। जब्त मशरूका: 01 नग धारदार सर्जिकल (ऑपरेशन) ब्लेड मय प्लास्टिक कवर।
Next Story