भारत

हिमाचल में बढऩे लगी संख्या, 26 से बढक़र 615 हुए गिद्धों के घोंसले

Shantanu Roy
15 Nov 2026 8:09 PM IST
हिमाचल में बढऩे लगी संख्या, 26 से बढक़र 615 हुए गिद्धों के घोंसले
x
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश का कांगड़ा जिला अब गिद्धों के संरक्षण के लिए सुरक्षित क्षेत्र के रूप में अपनी पहचान बनाने की ओर अग्रसर है। वन्य प्राणी विभाग कांगड़ा को गिद्धों के लिए सुरक्षित जोन घोषित करने की तैयारी कर रहा है। जिले में गिद्धों के 615 से अधिक घोंसले मिले हैं जो कि इस दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। खास बात यह है कि नेपाल के शुक्लाफांटा नेशनल पार्क से करीब 600 किलोमीटर का सफर तय कर एक दुर्लभ व्हाइट रम्प्ड वल्चर पौंग बांध वन्यजीव अभयारण्य पहुंचा है। इसके उपरांत जांच में
खुलासा
हुआ कि नेपाल ने गिद्धों के लिए कई जोन सेफ डिक्लेयर किए हैं। सेफ जोन से ही गिद्ध कांगड़ा सेफ जोन में पहुंचा है। इस गिद्ध की पहचान उसके शरीर पर लगाए गए सैटेलाइट ट्रांसमीटर के माध्यम से हुई है। जानकारी के अनुसार नेपाल में गिद्धों के संरक्षण के लिए कई सुरक्षित जोन विकसित किए गए हैं। पक्षी विशेषज्ञ डा. माल्याश्री भट्टाचार्य ने इस दुर्लभ गिद्ध को पौंग बांध वन्यजीव अभयारण्य में उसके घोंसले पर देखा। हिमाचल में इस प्रजाति की मौजूदगी को संरक्षण की दृष्टि से महत्त्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि प्रदेश में यह प्रजाति लगभग विलुप्त होने की स्थिति में पहुंच गई थी। वन्य प्राणी विभाग के आंकड़ों के अनुसार कांगड़ा में गिद्धों के घोंसलों की संख्या में पिछले दो दशकों के दौरान उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2004-05 में जहां जिला में महज 26 घोंसले दर्ज किए गए थे, वहीं अब इनकी संख्या 615 से अधिक हो गई है।
Next Story