भारत

अब होने लगा गर्मी का एहसास, 29 डिग्री तक पहुंचा पटना का तापमान

Admin4
5 March 2024 12:40 PM IST
अब होने लगा गर्मी का एहसास, 29 डिग्री तक पहुंचा पटना का तापमान
x
पटना। बिहार में प्री मानसून की बारिश के बाद आसमान से बादल साफ हो गए हैं। यानी कि अब ठंड की विदाई हो गई है। मौसम विभाग ने एक्स पर पोस्ट कर जानकारी दी कि अब राजधानी पटना सहित अन्य जिलों का तापमान बढ़ने वाला है। विभाग की मानें तो आज का अधिकतम तापमान 30-32°C तक रह सकता है। मौसम में आज से बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। राजधानी पटना की बात करें तो 5 मार्च को यहां का तापमान अधिकतम 29°C तो न्यूनतम तापमान 16°C दर्ज किया जा सकता है। वहीं आने वाले चार-पांच दिनों तक बिहार के अन्य जिलों का हाल भी कुछ ऐसा ही रहने की संभावना है।
इस सीजन में गर्मी की पहली बारिश सबसे ज्यादा गोपालगंज में 25.5 मिमी रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा गया में 15.6 मिमी, बेगूसराय में 14.6 मिमी, पटना के बिहटा में 8.6 मिमी, राजधानी क्षेत्र में 2.4 मिमी, पश्चिमी पटना में 4 मिमी, पूर्वी पटना में 1 मिमी रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा भोजपुर, रोहतास, बक्सर, भभुआ और अरवल की जमीन पर बारिश हुई। मौसम में बदलाव को देखते हुए लोगों ने भी गर्म कपड़े पहनना छोड़ दिया है। बारिश के बाद मौजूदा मौसम की स्थिति सामान्य है। दिन में धूप की कड़वाहट के कारण गर्मी का एहसास होने लगा है। वहीं रात में हल्की ठंड महसूस हो रही है। फिलहाल मौसम विभाग ने एक सप्ताह के लिए पूर्वानुमान किया है, लेकिन कहा जा रहा है कि अब धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी होगी। बता दें कि 4 मार्च को बिहार का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31.4°C खगड़िया में दर्ज किया गया।
Next Story