भारत

अब देहरादून का 'पलटन बाजार' जल्द होगा 'भगवामय'

jantaserishta.com
2 Dec 2022 11:09 AM GMT
अब देहरादून का पलटन बाजार जल्द होगा भगवामय
x

DEMO PIC 

देहरादून (आईएएनएस)| प्रदेश की राजधानी देहरादून का सबसे महत्वपूर्ण बाजार पलटन बाजार अब जल्द ही भगवामय होने जा रहा है। जहां स्मार्ट सिटी के तहत अब सभी दुकानों में बोर्ड एक ही रंग यानी भगवा रंग के होने जा रहा है।
केंद्र की महत्वकांशी योजना के नाम पर इस खास रंग को विशेष पहचान से जोड़कर एक नए विवाद की वजह बनाया गया है। राजधानी देहरादून में स्मार्ट सिटी के काम यूं तो पहले ही विवादों में रहा है। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के जरिए राजधानी देहरादून को व्यवस्थित बनाने की कोशिश की जा रही है।
इसमें दून का सबसे पुराना और बड़ा पलटन बाजार भी शामिल है, जहां रोज सैकड़ों लोग अपनी रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए पहुंचते हैं। वैसे तो अब ये स्मार्ट सिटी की योजना के काम की धीमी गति शहरवासियों के लिए अब किसी नासूर से कम नहीं है। लेकिन अब एक ओर नए विवाद ने जन्म ले लिया है।
दरअसल, ये नया विवाद है पलटन बाजार को भगवा रंग देने का। जिसमें व्यापारियों की दुकानों पर लगने वाले छज्जे और नेम प्लेट को भगवा किया जाएगा। हाल ही में व्यापारियों के साथ नगर निगम की बातचीत के दौरान यह निर्णय लिया गया था कि दुकानों के आगे नेम प्लेट को ऑरेंज कलर दिया जाएगा। जिस पर सफेद रंग से व्यापारी का नाम दर्ज होगा। यही नहीं, हर दुकान के ऊपर छज्जा भी इसी ऑरेंज कलर से रंगा जाएगा।
मेयर सुनील उनियाल एवं विधायक खजान दास ने पलटन बाजार में निर्माण होने जा रहे छज्जों का निरीक्षण भी किया। साथ ही ये निर्देश भी दिए कि 2 महीने में सुनिश्चित हो की बाजार के सभी छज्जों का निर्माण पूरा हो। इस दौरान मेयर सुनील उनियाल गामा एवं विधायक खजान दास ने व्यापारियों से दीर्घ परिचर्चा कर छज्जों के विषय पर आवश्यक निर्देश स्मार्ट सिटी के अधिकारी गणों को दिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि छज्जों के अक्षर हिंदी में रहेंगे और दुकान का नाम और आवश्यक जानकारी बोर्ड के मध्य में आएंगे।
पलटन बाजार के भगवाकरण को लेकर अब कांग्रेस ने भी सरकार को आड़े हाथों लेना शुरू कर दिया है। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा अब बाजारों को भी भगवा करने की साजिश रच रही है। जनता सड़कों के गड्ढों से परेशान है। लेकिन भाजपा की सरकार केंद्र की योजना के बहाने बाजारों के भगवाकरण का काम कर रही है।
हालांकि, नगर निगम में भाजपा का बोर्ड है और इसमें भाजपा के ही मेयर सुनील उनियाल गामा यहां काबिज है। लिहाजा ऐसे में भगवाकरण को लेकर कांग्रेस का सवाल उठाना लाजिमी है। दूसरी ओर नगर निगम के मेयर सुनील उनियाल गामा का कहना है कि भगवा कलर करने का यह निर्णय व्यापारियों और सभी अधिकारियों के साथ बैठकर लिया गया है। सभी ने सर्वसम्मति से इसी रंग को लेकर अपनी सहमति जताई है।
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में सुस्त गति को लेकर अब तक अधिकारियों को फटकार लगाने वाले और नाराजगी जताने वाले शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल फिलहाल पलटन बाजार में दुकानों के शेड और नेम प्लेट पर लगने वाले ऑरेंज रंग को लेकर अनभिज्ञ हैं। शहरी मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल से जब पूछा गया कि स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत ऑरेंज कलर यानि भगवा कलर किया जा रहा है। तो उस पर उनका जवाब था कि उनको इस बात की कोई जानकारी नहीं है।
Next Story