
x
दिनदहाड़े फायरिंग और गैंग का संदेश
Firozpur फिरोजपुर। पंजाब के फिरोजपुर जिले के माखू क्षेत्र में कारोबारी गुरचरण सिंह उर्फ काला गाबा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार दो बदमाशों ने दुकान पर बैठे काला गाबा पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया और फिर मोगा रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
इस हत्या के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आने से मामला और गंभीर हो गया है। पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े नामों की ओर से हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है। सुरक्षा एजेंसियां पोस्ट की सत्यता और उससे जुड़े लोगों की पहचान की जांच कर रही हैं। वायरल पोस्ट में न सिर्फ काला गाबा की हत्या की जिम्मेदारी लेने की बात कही गई है, बल्कि कुछ डॉक्टरों और पंजाबी इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को भी धमकी दी गई है। इसमें कहा गया है कि कुछ लोगों से पुरानी रंजिश है और समय आने पर कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हो गई हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पोस्ट किस सोशल मीडिया अकाउंट से किया गया और इसके पीछे कौन लोग हैं। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और जांच तेज कर दी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान के लिए तकनीकी व फॉरेंसिक साक्ष्यों का सहारा लिया जा रहा है।
Next Story





