भारत

कुख्यात अपराधी को बीच सड़क गोलियों से भूना, मची अफरा-तफरी

Shantanu Roy
7 Jan 2023 4:49 PM GMT
कुख्यात अपराधी को बीच सड़क गोलियों से भूना, मची अफरा-तफरी
x
बड़ी खबर
बेगूसराय। बेगूसराय में बेखौफ अपराधियों ने वर्चस्व की जंग में मटिहानी थाना क्षेत्र के बदलपुरा निवासी कुख्यात अपराधी अंकित कुमार उर्फ प्रिंस को शनिवार को दिनदहाड़े गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेगूसराय-मटिहानी पथ स्थित कावेरी पेट्रोल पंप एघु के समीप की है। दिनदहाड़े कुख्यात अपराधी को गोली मारने की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन में हलचल मच गई है।अपराधिक गिरोह के बीच भी तनाव का माहौल कायम हो गया है। प्रिंस को सदर अस्पताल लाया गया, जहां स्थिति गंभीर रहने के कारण बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने पर एक निजी अस्पताल ले जाया गया है। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मटिहानी थाना क्षेत्र के बदलपुरा निवासी कुख्यात अपराधी प्रिंस शनिवार को बेगूसराय न्यायालय से तारीख कर पिता राजाराम सिंह सहित चार लोगों के साथ वाहन से अपने घर बदलपुरा जा रहा था।
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एघु पेट्रोल पंप पर तेल लेकर वह घर की ओर चला ही था कि मोटरसाइकिल सवार दो अपराधियों ने उसे रोक लिया तथा बातचीत करने लगा। बातचीत के दौरान ही मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे एक अपराधी ने उसके सिर में गोली मार दी और फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल प्रिंस को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया तथा वहां प्राथमिक उपचार के बाद निजी अस्पताल ले जाया गया है। जहां प्रिंस की हालत नाजुक बनी हुई है तथा डॉक्टरों की टीम इलाज में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि प्रिंस कुख्यात अपराधी है तथा उस पर मटिहानी सहित विभिन्न थाना में हत्या, लूट, रंगदारी और गोलीबारी सहित संगीन अपराधों के 12 से अधिक मामले दर्ज हैं। विभिन्न संगीन अपराध के साथ-साथ प्रिंस ने कुछ वर्ष पूर्व मटिहानी थाना में कार्यरत एसआई गोरेलाल पर भी गोलीबारी किया था। एसपी योगेन्द्र कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य तरीके से जांच पड़ताल किया जा रहा है, गोली मारने वाले अपराधी जल्द ही पकड़ लिए जाएंगे।
Next Story