भारत

रामलला का दर्शन करने गया कुख्यात बदमाश किस्सू तिवारी गिरफ्तार

Shantanu Roy
21 May 2024 4:00 PM GMT
रामलला का दर्शन करने गया कुख्यात बदमाश किस्सू तिवारी गिरफ्तार
x
पुलिस ने किया बड़ा खुलासा
कटनी। विभिन्न धाराओं में स्थाई वारंटी और 45 हजार रुपये के इनामी बदमाश किस्सू उर्फ किशोर तिवारी पुत्र गोवर्धन प्रसाद तिवारी को उप्र पुलिस की सहायता से मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। वह श्रीरामलला के दर्शन करने के लिए अयोध्या पहुंचा था। अयोध्या एसएसपी राजकरण नैय्यर ने बताया कि किस्सू तिवारी को अयोध्या से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह श्रीरामलला के दर्शन करने के लिए अयोध्या पहुंचा था। नैय्यर के मुताबिक किस्सू तिवारी को पकड़ने के लिए मप्र की पुलिस पहुंची थी, जिसे थाना आरजेबी (राम जन्म भूमि) की मदद से गिरफ्तार किया गया है। 45 हजार रुपये का इनाम घोषित करने के साथ ही फरार चल रहे किस्सू उर्फ किशोर तिवारी पिता गोवर्धन प्रसाद तिवारी निवासी हीरागंज की तलाश पुलिस लगातार कर रही थी।

एक दिन पहले सोमवार को जबलपुर पुलिस अधीक्षक आदित्य प्रताप सिंह और कटनी पुलिस अधीक्षक अभिजीत रंजन ने दोनों जिलों के अधिकारियों की संयुक्त बैठक कर किस्सू की गिरफ्तारी को लेकर रणनीति तैयार की थी। दूसरे दिन मंगलवार को किस्सू तिवारी के उप्र के अयोध्या से गिरफ्तार कर लिया गया। किस्सू के साथ उसके परिवार के सदस्य भी थे। सादी वर्दी में पहुंची कटनी पुलिस ने अयोध्या पुलिस के साथ उसको पकड़ा है और कटनी लाया जा रहा है। हत्या सहित अन्य मामलों में स्थाई वारंट जारी होने के बाद पुलिस किस्सू तिवारी की खोजबीन में लगी हुई थी। उसमें कटनी के साथ जबलपुर पुलिस के दलों को अलग-अलग स्थानों पर भेजा गया था। उसके धार्मिक स्थलों के आसपास होने की सूचना पुलिस को मिल रही थी। मामले में एसपी कटनी ने दस हजार का इनाम घोषित किया था तो डीआइजी जबलपुर ने उसे बढ़ाकर 20 हजार रुपये किया था। आइजी जबलपुर ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
Next Story