भारत

कुख्यात अपराधी कॉन्ट्रैक्ट किलर दुर्योधन गिरफ्तार

Shantanu Roy
15 Feb 2023 12:58 PM GMT
कुख्यात अपराधी कॉन्ट्रैक्ट किलर दुर्योधन गिरफ्तार
x
मामलें में जांच जारी
बेगूसराय। बिहार पुलिस के स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और बेगूसराय पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने हत्या सहित विभिन्न मामलों के आरोपी कुख्यात अपराधी दुर्योधन कुमार एवं उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। अपराधियों के पास से कारबाईन सहित अन्य हथियार भी मिले हैं। बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी योगेन्द्र कुमार ने बताया कि सात जनवरी को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कावेरी पेट्रोल पम्प एघु के समीप कुख्यात अपराधी प्रिंस कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके लिए सदर डीएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में टीम गठित किया गया था। टीम लगातार कार्रवाई कर रही थी, इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर मटिहानी थानाध्यक्ष विवेक भारती एवं बिहार एसटीएफ की टीम द्वारा संयुक्त कार्रवाई में इस कांड के फरार अभियुक्त कॉन्ट्रैक्ट किलर अजय कुमार उर्फ दुर्योधन को देशी रायफल एवं जिन्दा कारतूस के साथ लखीसराय जिले से गिरफ्तार किया गया।
एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान दुर्योधन ने स्वीकार किया है कि प्रिंस और वह कॉन्ट्रैक्ट किलिंग के साथ-साथ हथियार की भी तस्करी करते थे। इसी को लेकर वर्चस्व की जंग में उसने प्रिंस की हत्या की है। दुर्योधन की गिरफ्तारी के साथ उसके पूरे गैंग का खुलासा करते हुए दो सहयोगियों को भी गिरफ्तार किया गया है। टीम में शामिल सभी कर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा। एसपी ने बताया कि अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत आज सदर डीएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में मटिहानी थाना क्षेत्र के रामदिरी लोकवा टोला से मटिहानी थानाध्यक्ष एवं बिहार एसटीएफ की टीम ने लोकवा टोला निवासी कन्हैया कुमार एवं लाखो सहायक थाना क्षेत्र के इनियार निवासी अजय कुमार उर्फ गोरेलाल को एक कारबाईन, एक देशी पिस्तौल, छह गोली एवं एक मोटरसाईकिल के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से ना सिर्फ एक कॉन्ट्रैक्ट कीलर और हथियार तस्कर गैंग का खुलासा हो गया है, बल्कि कई बड़ी घटनाओं को टाल दिया गया है। प्रेस वार्ता में सदर डीएसपी अमित कुमार एवं मटिहानी थानाध्यक्ष विवेक भारती भी उपस्थित थे।
Next Story