भारत

'संतान न होना जीवन का सबसे बड़ा दुख, खुश हूं कि'...महिला ने मौत को लगाया गले

jantaserishta.com
23 March 2024 4:25 AM GMT
संतान न होना जीवन का सबसे बड़ा दुख, खुश हूं कि...महिला ने मौत को लगाया गले
x
सांकेतिक तस्वीर
पति और सास-ससुर समेत छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
गाजियाबाद: गाजियाबाद के राहुल विहार में ससुरालियों के तानों से परेशान महिला ने गुरुवार रात फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जान देने से पहले महिला ने सुसाइड नोट में आपबीती लिखी। क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस का कहना है कि पति और सास-ससुर समेत छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। मूलरूप से सहारनपुर के रहने वाले राजपाल क्रॉसिंग रिपब्लिक थानाक्षेत्र के राहुल विहार इलाके में परिवार के साथ रहते हैं। उनकी शादीशुदा बेटी शुभांषी भी घर से कुछ दूरी पर अपनी ससुराल में रहती थी।
राजपाल का कहना है कि उन्होंने वर्ष 2015 में बेटी शुभांषी की शादी अशोक के साथ की थी। अशोक का भाई धर्मेन्द्र पूर्व पार्षद है। शादी के नौ वर्ष बीत जाने के बावजूद शुभांषी के कोई संतान नहीं थी। जिसके चलते ससुराल पक्ष के लोग उसे ताने मारते थे तथा साथ ही दहेज के लिए भी उसे प्रताड़ित करते थे। इन्हीं कारणों से शुभांषी डिप्रेशन में चली गई थी। गुरुवार रात शुभांषी ने अपने कमरे में फंदा लगा लिया। जानकारी होने पर पति और ससुराल पक्ष के लोग उसे फंदे से उतार कर नोएडा स्थित फोर्टिस अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस का कहना है कि मृतका के शव का पोस्टमार्टम नोएडा पुलिस द्वारा कराया गया है। जिसमें शुभांषी द्वारा फांसी लगाए जाने की पुष्टि हुई है। एसीपी वेव सिटी पूनम मिश्रा ने बताया कि मृतका के पिता राजपाल की शिकायत के आधार पर पति अशोक कुमार, सास महेंद्री देवी, ससुर दौलतराम, जेठ धर्मेन्द्र, जेठानी मीनल और देवर दीपक कुमार के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, शुभांषी के पति अशोक ने घटना की जानकारी दी और एक सुसाइड नोट भी पुलिस को सौंपा। इसमें शुभांषी ने लिखा है कि वह कई दिनों से तनाव में थी। संतान न होना जीवन का सबसे बड़ा दुख है। संतान न होने को लेकर ससुराल वाले और खासतौर पर जेठानी तंज कसती रहती थीं। परिजनों के मुताबिक अशोक काफी समय से बेरोजगार था। हाल ही में उसकी नौकरी लग गई थी। पति की नौकरी से शुभांषी काफी खुश थी। उसने सुसाइड नोट में लिखा कि उसे बेहद खुशी है कि आखिरकार तुम कामयाब हो गए।
Next Story