भारत

कुख्यात स्क्रैप माफिया के गैंग से जुड़े मीडियाकर्मी समेत तीन गिरफ्तार

jantaserishta.com
21 Jan 2025 6:29 PM IST
कुख्यात स्क्रैप माफिया के गैंग से जुड़े मीडियाकर्मी समेत तीन गिरफ्तार
x
दो लग्जरी गाड़ियां, गैंग के सरगना रवि काना की 14 गाड़ियों की आरसी की फोटो कॉपी और अन्य कागजात बरामद हुए हैं.
नोएडा: गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने कुख्यात स्क्रैप माफिया रवि काना गैंग से जुड़े हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये लोग पत्रकारिता की आड़ में गैंग का संचालन कर रहे थे। इनके पास से अवैध रूप से उगाही गई रकम में से 6 लाख 30 हजार रुपए नकद, घटनाओं से संबंधित दो लग्जरी गाड़ियां, गैंग के सरगना रवि काना की 14 गाड़ियों की आरसी की फोटो कॉपी और अन्य कागजात बरामद हुए हैं।
आरोप है कि ये लोग कुख्यात स्क्रैप माफिया रवि काना के लिए काम करते थे। उसके जेल जाने के बाद गैंग की कमान इन्हीं के पास थी। रवि काना सामूहिक बलात्कार, गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न मामलों में मौजूदा समय में जेल में बंद है।
गौतमबुद्ध नगर पुलिस की क्विक रिस्पॉन्स टीम और थाना बीटा-दो पुलिस ने एक सूचना के आधार पर फर्जी न्यूज चलाने, गैंग सरगना रवि काना के नाम पर धमकी देने और अवैध धन उगाही करने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार बदमाश शातिर किस्म के अपराधी हैं, जिनका एक गिरोह है। गिरोह का सरगना रवि नागर उर्फ रवि काना है। अभियुक्त गैंग के सक्रिय सदस्य हैं। गिरोह का सरगना वर्तमान में जेल में बंद है।
पुलिस ने बताया कि 8 नवंबर को अभियुक्त ने मनोज कुमार नामक प्रॉपर्टी डीलर को परी चौक पर इंटरव्यू करने के नाम पर बुलाया था। उससे मोटी रकम की मांग की गई। जब उसने पैसे देने से इनकार किया तो, खुद को रवि काना का आदमी बताते हुए अवैध रूप से उगाही का प्रयास किया गया था। पीड़ित ने जब पैसे देने से फिर इनकार कर दिया तो उसके खिलाफ भ्रामक खबर चलाने एवं जान से मारने की धमकी दी गई थी।
इस मामले में पीड़ित ने 20 जनवरी को मुकदमा दर्ज करवाया था। इसी मुकदमे के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूछताछ के दौरान कुछ महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। इनके बैंक खातों की भी जांच की जा रही है। इस गैंग से जुड़े कुछ अन्य लोगों की भी जल्द गिरफ्तारी हो सकती है।
पुलिस के मुताबिक पंकज पराशर, देव शर्मा और अवधेश सिसोदिया गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि इनके लगभग 15 से 20 बैंकों के खाते हैं, जिनमें रवि काना गिरोह की अवैध धनराशि के लेनदेन के सबूत मिले हैं।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story