भारत

टोल प्लाजा पर अब नहीं कटेगा बार-बार पैसा! 1 नवंबर से सिर्फ ₹1500 में सालभर का पास

SHIDDHANT
27 Oct 2026 8:52 PM IST
टोल प्लाजा पर अब नहीं कटेगा बार-बार पैसा! 1 नवंबर से सिर्फ ₹1500 में सालभर का पास
x
दिल्ली। केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल प्लाजा के आसपास रहने वाले वाहन मालिकों को बड़ी राहत दी है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने नया रियायती वार्षिक टोल पास शुरू करने की घोषणा की है। यह सुविधा 1 नवंबर 2026 से लागू होगी। इसके तहत टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले पात्र निजी वाहन मालिक 1500 या 3000 रुपये में सालभर का लोकल पास बनवा सकेंगे।
1500 रुपये में मिलेगा सालभर का पास
सरकार की नई व्यवस्था के अनुसार, नगर निगम या स्थानीय नगर क्षेत्र की सीमा से बाहर स्थित टोल प्लाजा के लिए वार्षिक पास की कीमत 1500 रुपये होगी। वहीं, नगर सीमा के भीतर स्थित टोल प्लाजा के लिए 3000 रुपये चुकाने होंगे। इस योजना का लाभ उन लोगों को मिलेगा, जिन्हें नौकरी, व्यापार या अन्य जरूरी कामों के लिए रोजाना टोल प्लाजा पार करना पड़ता है।
इन वाहन मालिकों को मिलेगा फायदा
नए नियमों के तहत केवल गैर-व्यावसायिक वाहनों के मालिक ही इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। इसके लिए वाहन में वैध और सक्रिय FASTag होना जरूरी है। साथ ही वाहन मालिक का निवास संबंधित टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के भीतर होना चाहिए।
हर टोल प्लाजा पर नहीं चलेगा पास
नया रियायती लोकल पास केवल उसी टोल प्लाजा पर मान्य होगा, जिसके लिए इसे जारी किया गया है। यह सुविधा उन राजमार्गों पर उपलब्ध नहीं होगी, जहां दूरी के आधार पर बंद टोल संग्रह प्रणाली लागू है। वैकल्पिक सड़क या सर्विस रोड उपलब्ध होने पर भी पास नहीं मिलेगा।
हर साल बदल सकती है कीमत
केंद्र सरकार ने 26 अक्टूबर को राष्ट्रीय राजमार्ग शुल्क नियम, 2008 में संशोधन की अधिसूचना जारी की है। इसके अनुसार पास की कीमतों में हर साल 1 अप्रैल को बदलाव किया जा सकता है। नई व्यवस्था से नियमित यात्रियों के टोल खर्च में बचत होने की उम्मीद है।
Next Story