भारत

बनीखेत में बस अड्डा नहीं, चौक पर जाम ही जाम

Shantanu Roy
20 Oct 2026 10:04 PM IST
बनीखेत में बस अड्डा नहीं, चौक पर जाम ही जाम
x
बनीखेत। स्थायी बस अड्डा न होने के कारण बनीखेत चौक पर लोगों को आए दिन ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। यहां बसें सडक़ किनारे खड़ी कर सवारियों को चढ़ाने और उतारने का काम किया जाता है, जिससे अक्सर जाम लग जाता है। चंबा, डलहौजी और पठानकोट की ओर जाने वाले वाहनों का अधिक दबाव होने से समस्या और गंभीर हो जाती है। पठानकोट एनएच पर स्थित बनीखेत एक प्रमुख केंद्र है। यहां से रोजाना बड़ी संख्या में वाहन चंबा, डलहौजी और पठानकोट की ओर आते-जाते हैं। ऐसे में सडक़ किनारे बसों के रुकने से यातायात प्रभावित होता है और वाहन चालकों सहित स्थानीय लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है।


यातायात सुचारू रखने के लिए पुलिस और होमगार्ड के जवान तैनात रहते हैं, लेकिन तीनों दिशाओं से आने वाले वाहनों का दबाव अधिक होने के कारण कई बार चौक पर जाम लग जाता है। स्थानीय निवासी राम लाल, सुरेश कुमार, अनिल कुमार, रोहित सिंह, मनोज कुमार, दिनेश कुमार और रूप लाल ने बताया कि स्थायी बस अड्डा न होना यातायात समस्या का प्रमुख कारण है। बसों के सडक़ किनारे रुकने से वाहनों की आवाजाही बाधित होती है। उन्होंने प्रशासन से जल्द बस अड्डे का निर्माण करवाकर लोगों को जाम से राहत दिलाने की मांग की है। उपमंडलाधिकारी डलहौजी अनिल भारद्वाज ने बताया कि बनीखेत में प्रस्तावित बस अड्डे के निर्माण से संबंधित औपचारिकताएं अंतिम चरण में हैं। मामला अड्डा प्राधिकरण के पास भेज दिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी और बनीखेत को स्थायी बस अड्डे की सुविधा मिल सकेगी।
Next Story