
x
शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए चार आईएएस अधिकारियों की तैनाती और अतिरिक्त कार्यभार में बदलाव के आदेश जारी किए हैं। राज्यपाल की ओर से सिविल सर्विसेज बोर्ड की सिफारिशों के आधार पर शनिवार को जारी अधिसूचना के अनुसार सभी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे। सरकार ने हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग की सचिव निवेदिता नेगी, आईएएस (2017 बैच), को लाहुल-स्पीति जिले का उपायुक्त नियुक्त किया है। वह केलांग स्थित उपायुक्त कार्यालय में कार्यभार संभालेंगी। वहीं, लाहुल-स्पीति की उपायुक्त किरण भड़ाना, आईएएस (2017 बैच), का तबादला बिलासपुर किया गया है।
उन्हें बिलासपुर जिले का नया उपायुक्त नियुक्त किया गया है। सरकार ने डा. यूनुस, आईएएस (2010 बैच), सचिव (राज्य कर एवं आबकारी), हिमाचल प्रदेश सरकार को सचिव (सामान्य प्रशासन विभाग, सामाजिक कल्याण विभाग एवं संसदीय कार्य) का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। इस जिम्मेदारी से आईएएस अधिकारी आशीष सिंहमार को मुक्त कर दिया गया है। इसी तरह, बिलासपुर के उपायुक्त राहुल कुमार, आईएएस (2016 बैच) को हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी), शिमला का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। वह आईएएस अधिकारी शिवम प्रताप सिंह की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे। शिवम प्रताप सिंह को इस अतिरिक्त कार्यभार से मुक्त कर दिया गया है। प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत ने इस बारे में आदेश जारी किए हैं।
Next Story





