
x
पटना। बिहार विधान परिषद की आठ स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू उम्मीदवार नीरज कुमार के समर्थन में युवाओं और कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की है।
निशांत कुमार ने कहा कि विधान परिषद की आठ सीटों पर चुनाव हो रहा है, जिनमें चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटें हैं। उन्होंने बताया कि नालंदा से आए युवाओं के साथ चुनाव को लेकर संवाद हुआ। इस दौरान उन्होंने युवाओं से स्नातक और शिक्षक मतदाताओं तक पहुंचने और राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में हुए बदलावों की जानकारी देने की अपील की।
स्वास्थ्य मंत्री ने दावा किया कि करीब 20 साल पहले बिहार में शिक्षा की स्थिति काफी कमजोर थी। स्कूलों और शिक्षकों की संख्या कम थी। उन्होंने कहा कि 2005 में नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई कदम उठाए गए। निशांत के मुताबिक, 2005 में राज्य में 10 राजकीय विश्वविद्यालय थे, जिनकी संख्या 2025 तक बढ़कर 21 हो गई।
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र को लेकर निशांत कुमार ने स्पष्ट किया कि नीरज कुमार जदयू और एनडीए के अधिकृत उम्मीदवार हैं। उन्होंने नीरज कुमार को पार्टी का अनुभवी और समर्पित साथी बताते हुए कार्यकर्ताओं से उनके समर्थन में प्रचार करने की अपील की।
पटना स्नातक सीट पर जदयू के भीतर भी राजनीतिक खींचतान सामने आई है। जदयू विधायक अनंत सिंह ने पार्टी उम्मीदवार नीरज कुमार का विरोध करते हुए जन सुराज के अनुज सिंह का समर्थन किया है। इसी बीच निशांत कुमार का नीरज के समर्थन में खुलकर सामने आना चुनावी चर्चा का विषय बना हुआ है।
Next Story





