भारत
'आरोपी का किसी भी पूछताछ या जांच'...NIA को हाईकोर्ट से झटका, जानें क्यों पड़ी फटकार
jantaserishta.com
1 April 2024 3:20 PM IST

x
सांकेतिक तस्वीर
हाई कोर्ट ने कहा कि जांच एजेंसी इस वजह से दूसरा आवेदन देकर आरोपी की हिरासत अवधि बढ़ाने की मांग नहीं कर सकती है।
नई दिल्ली: तेलंगाना हाई कोर्ट ने हालिया एक फैसले में कहा है कि किसी भी आरोपी का किसी भी पूछताछ या जांच के मामले में चुप रहने का अधिकार संविधान के तहत सुरक्षित उसका एक मौलिक अधिकार है। इसके साथ ही हाई कोर्ट ने कहा कि जांच एजेंसी इस वजह से दूसरा आवेदन देकर आरोपी की हिरासत अवधि बढ़ाने की मांग नहीं कर सकती है। कोर्ट ने एक मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को फटकार लगाते हुए कहा कि इस आरोप पर कि आरोपी चुप है या संतोषजनक जवाब नहीं दे रहा है, हम उसकी हिरासत अवधि नहीं बढ़ा सकते हैं।
जस्टिस के. लक्ष्मण और जस्टिस के. सुजाना की खंडपीठ ने एक आपराधिक मामले में दायर अपील अर्जी पर सुनवाई करते हुए यह आदेश पारित किया है। पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) के एक सदस्य ने निचली अदालत द्वारा उसकी रिमांड अवधि पांच दिन बढ़ाने के आदेश को हाई कोर्ट में चुनौती दी थी। याचिकाकर्ता ने अपनी अपील याचिका में कहा कि NIA ने 13 जून 2023 को आरोपी/याचिकाकर्ता को गिरफ्तार किया था। उसके अगले दिन यानी 14 जून को निचली अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। इसके बाद 4 जुलाई को अदालत ने आरोपी को पांच दिनों की कस्टडी दे दी। जांच एजेंसी ने याचिकाकर्ता को 5 दिनों की अवधि के लिए रिमांड पर लिया।
जांच एजेंसी ने 1 सितंबर 2023 को दूसरा आवेदन देकर फिर से पांच दिनों के लिए आरोपी की हिरासत मांगी। जांच एजेंसी ने अदालत को बताया कि हिरासत के दौरान आरोपी ने मामले में संतोषजनक उत्तर नहीं दिया, वह अधिकांश सवालों पर चुप्पी साधे रखा। इसलिए उक्त मामले में जांच अभी प्रक्रियाधीन ही है। इस आधार पर ट्राय कोर्ट ने NIA के आवेदन को मंजूरी दे दी।
उधर, आरोपी याचिकाकर्ता ने इस आधार पर इसे चुनौती दे दी कि सीआरपीसी की धारा 167 और गैरकानूनी गतिविधियाँ (रोकथाम) अधिनियम, 1967 की धारा 43(डी)(2)(बी) के अनुसार रिमांड के लिए आवेदन गिरफ्तारी की तारीख से 30 दिनों की अवधि के भीतर दायर किया जाना चाहिए, जबकि इस मामले में गिरफ्तारी के 30 दिन बहुत पहले बीत चुके थे।
इस पर हाई कोर्ट की खंडपीठ ने कानूनी प्रावधानों का विश्लेषण करने और निर्णयों का संदर्भ लेने के बाद कहा कि पुलिस हिरासत के विस्तार के लिए दूसरा आवेदन 30 दिनों के बाद भी दायर किया जा सकता है, बशर्ते कि जांच एजेंसी के पास उसके लिए उपयुक्त कारण हो। कोर्ट ने कहा कि इस मामले में भी NIA का आवेदन मंजूरी योग्य है लेकिन उसने जो कारण बताए हैं वह संतोषजनक और स्वीकार योग्य नहीं है कि आरोपी पूछताछ के दौरान चुप था, इसलिए हिरासत बढ़ाई जाय।
Tagsतेलंगाना हाईकोर्टमौलिक अधिकारराष्ट्रीय जांच एजेंसीTelangana High CourtFundamental RightsNational Investigation Agency
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





