भारत

NHAI का बड़ा फैसला! लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर टोल वसूली बंद

SHIDDHANT
5 Aug 2026 8:39 PM IST
NHAI का बड़ा फैसला! लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर टोल वसूली बंद
x
बार-बार धंसी सड़क
Lucknow लखनऊ: बार-बार सड़क धंसने की घटनाओं के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर बड़ा फैसला लेते हुए टोल वसूली फिलहाल रोक दी है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि जब तक एक्सप्रेसवे की सभी तकनीकी खामियां पूरी तरह दूर नहीं हो जातीं, तब तक वाहन चालकों से किसी प्रकार का टोल टैक्स नहीं लिया जाएगा। इससे पहले लखनऊ से कानपुर तक फोर-व्हीलर वाहनों से एक तरफ के सफर के लिए 290 रुपये टोल वसूला जा रहा था।
करीब 63 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे का निर्माण लगभग 4,700 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। इसका उद्घाटन 13 जुलाई को हुआ था, लेकिन शुरू होने के कुछ ही दिनों बाद बारिश के दौरान कई स्थानों पर सड़क धंसने और स्लिपेज की शिकायतें सामने आने लगीं। हाल ही में करीब 300 मीटर हिस्से में स्लिपेज मिलने के बाद NHAI ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए।
NHAI के क्षेत्रीय अधिकारी गौतम विशाल ने बताया कि एक्सप्रेसवे की खामियों को दूर करने में लगभग 3 करोड़ रुपये का खर्च आएगा, जिसका पूरा भुगतान निर्माण कंपनी को ही करना होगा। उन्होंने बताया कि निर्माण कंपनी PNC को नॉन-परफॉर्मर घोषित कर दिया गया है, जिसके चलते उसे फिलहाल NHAI की ओर से कोई नया प्रोजेक्ट नहीं मिलेगा।
प्राधिकरण ने निर्माण कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर विवेक कुमार गुप्ता, इंजीनियर सुरेंद्र कुमार और रेजिडेंट इंजीनियर यतेंद्र कुमार को परियोजना से हटा दिया है। इन तीनों को अगले दो वर्षों तक NHAI की किसी भी परियोजना में शामिल नहीं किया जाएगा। वहीं, NHAI के प्रोजेक्ट मैनेजर नकुल प्रकाश वर्मा को उनके मूल विभाग में वापस भेज दिया गया है और संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। NHAI का कहना है कि एक्सप्रेसवे की मरम्मत और गुणवत्ता सुधार का कार्य पूरा होने के बाद ही टोल वसूली दोबारा शुरू करने पर निर्णय लिया जाएगा।
Next Story