Uttar Pradesh: शहर के केतीपुरा मोहल्ला के रहने वाले कक्षा आठ के छात्र शाहिद (14) ने दो महीने पहले कुत्ते के काटने पर एंटी रेबीज वैक्सीन नहीं लगवाई, जिससे उसको रेबीज का संक्रमण हो गया और उसकी मंगलवार को मौत हो गई। परिवार वाले उसे अधिक हालत खराब होने पर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में रेफर कर दिया गया और वहां उसकी मौत हो गई।
शहर के केतीपुरा मोहल्ला निवासी फिरदौस ने बताया कि उसका छोटा भाई शाहिद पुराना कस्बे के उच्च प्राथमिक विद्यालय में कक्षा आठ का छात्र था। दो माह पहले वह मोहल्ले में खेल रहा था, तभी एक कुत्ते ने शाहिद के चेहरे पर काट लिया। शाहिद ने घर में डांट पड़ने के कारण किसी को इस बारे में नहीं बताया, इसलिए उसे एंटी रेबीज वैक्सीन नहीं लग सकी। उसने गिरने पर चोट लगने की बात बताई। कुत्ते के काटने पर हुआ जख्म ठीक हो गया। सोमवार को स्कूल से आने के बाद उसको बुखार हुआ और हालत खराब हो गई।
पहले निजी चिकित्सक को दिखाया, लेकिन उपचार के बाद आराम नहीं होने पर मंगलवार की दोपहर साढ़े 12 बजे जिला अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने रेबीज का संक्रमण होने से हालत बिगड़ने की पुष्टि कर दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों ने बताया कि दिल्ली जीटीबी अस्पताल लेकर पहुंचे और उपचार के दौरान शाहिद की मंगलवार की शाम चार बजे मौत हो गई।
फिरदौस ने बताया कि शाहिद पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसके पिता बिल्लू की पहले ही मौत हो चुकी है। मां निशा मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करती हैं। वहीं इस घटना के बाद शाहिद के चाचा मोहसीन ने कस्बे में घूम रहे आवारा कुत्तों को पकड़वाने की मांग की है ताकि बच्चों को बचाया जा सके।





