
x
Kullu. कुल्लू। उपायुक्त तोरुल रवीश ने बताया कि जिला कुल्लू में विभिन्न स्थानों पर 25 जून को बादल फटने और अचानक आई बाढ़ , फ्लैश फ्लड, की घटनाएं हुई हैं। उन्होंने बताया कि जिन स्थानों पर बादल फटने की पुष्टि हुई है। जिनमें जीवा नाला (सैंज), शिलागढ़ (गढ़सा घाटी), स्नो गैलरी, मनाली और होरनगढ़ (बंजार) क्षेत्र शामिल हैं। सैंज घाटी में मझान नाला जो जीवा ट्रेंच वीयर से लगभग 1 किलोमीटर नीचे बादल फटने की घटना हुई। उन्होंने कहा बाढ़ के कारण जिला में 40 से 50 सडक़ें यातायात के लिए अवरुद्ध हो गई थी। इनमें से अधिकतर को बहाल कर दिया गया है। मनाली के बाहांग क्षेत्र में सडक़ क्षतिग्रस्त हो गई थी तथा चार दुकानों को क्षति पहुंची है। बाहांग में एक छोटी लकड़ी की पुलिया भी बह गई है तथा इस सडक़ में स्नो गैलरी को भी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि सबसे अधिक क्षति सैंज क्षेत्र में हुई है । जिसमें दुखद घटना में तीन लोग लापता हो गए हैं। आज पानी का स्तर घटने पर एनडीआरएफ की टीम खोज, राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई है। इसके साथ ही पेयजल की कई स्कीम में भी क्षतिग्रस्त हुई हैं तथा सियूंड में एक पुलिस पोस्ट भी क्षतिग्रस्त हो गई है।
इसमें एक छोटा पुल दो गाडिय़ां तथा एक घराट बह गए हैं। उन्होंने कहा कि इस घटना में 11 गाएं तथा 18 भिड़े भी बाढ़ की भेंट चढ़ गई है। सभी क्षतिग्रस्त सडक़ों की पुन:बहाली का कार्य आरंभ कर दिया गया है। लारजी में भी एक पेयजल स्कीम को क्षति पहुंची है। उन्होंने कहा कि किसी भी पर्यटक के जिले में कहीं फंसने की कोई सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन कुल्लू इस आपदा के मद्देनजर पूरी तरह सतर्क है। राहत और बचाव कार्यों के लिए जिला प्रशासन की टीमें मुस्तैदी से क्रियाशील हैं। आवश्यकता अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में सर्च और रेस्क्यू टीमें तुरंत भेजी गई हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार निगरानी रखे हुए है और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को फौरी राहत के तौर पर तिरपाल, गद्दे व राशन किट तत्काल प्रदान की गई हैं। उन्होंने बताया कि बंजार उपमंडल के होरनगाड़ क्षेत्र में फ्लैश फ्लड के कारण बंजार-बठाहर सडक़ को आज बहाल कर दिया गया है। इससे लोगों को राहत मिलेगी। उपायुक्त तोरुल रवीश ने बताया कि अभी तक करीब 50 लाख से अधिक का नुकसान आंका गया है। उन्होंने आगामी दो दिनों के लिए मौसम विभाग द्वारा ऑरेंज अलर्ट बताए जाने के मध्य नजर नदी नालों के नजदीक न जाने के लिए अपील की है।
Next Story





