भारत

कुएं में मिला नवविवाहिता का शव, पति और ससुराल के लोगों पर दहेज हत्या का आरोप

jantaserishta.com
23 Oct 2025 7:24 PM IST
कुएं में मिला नवविवाहिता का शव, पति और ससुराल के लोगों पर दहेज हत्या का आरोप
x
उन्होंने बताया कि विवाद कई बार गांव की पंचायत में उठा और इसपर दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हुआ, लेकिन उत्पीड़न का सिलसिला नहीं थमा.
हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिला अंतर्गत इचाक थाना क्षेत्र के फुरक्का गांव में गुरुवार को एक नवविवाहिता का शव कुएं से बरामद हुआ। मृतका की पहचान 22 वर्षीय सरिता कुमारी के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब 15 महीने पहले हुई थी।
सरिता के मायके पक्ष ने ससुरालवालों पर दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। परिजनों का कहना है कि 15 माह पहले सरिता की शादी फुरक्का गांव निवासी पवन यादव के साथ हुई थी। शादी के दौरान ससुराल पक्ष की मांग के अनुसार दान-दहेज भी दिया गया था, लेकिन शादी के कुछ महीने बाद से ही ससुराल पक्ष मोटरसाइकिल की मांग कर रहा था। मांग पूरी न होने पर सरिता को प्रताड़ित किया जाता था।
उन्होंने बताया कि विवाद कई बार गांव की पंचायत में उठा और इसपर दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हुआ, लेकिन उत्पीड़न का सिलसिला नहीं थमा। मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि बुधवार की रात को सरिता की हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया गया। सुबह ग्रामीणों ने कुएं में शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही इचाक थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। घटना के बाद मृतका का पति पवन यादव, सास और ससुर घर छोड़कर फरार हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग भेज दिया। मायके पक्ष की लिखित शिकायत पर पुलिस ने मृतका के पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज हत्या, उत्पीड़न और साक्ष्य मिटाने से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
इस मामले में इचाक थान के प्रभारी राजदीप कुमार ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों ने घटना पर आक्रोश जताते हुए कहा कि सरिता को दहेज के नाम पर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। लोगों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story