भारत

नव विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मामला दर्ज

Harrison
27 Feb 2024 5:37 PM IST
नव विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मामला दर्ज
x

रायबरेली। डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के सराय दिलावर गांव निवासी एक नव विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची डलमऊ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पारिवारिक जनों ने ससुरालजनों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है. कोतवाली क्षेत्र के सराय दिलावर गांव निवासी कमलेश कुमार की पुत्री विद्या देवी का विवाह बीती 4 फरवरी को बाराबंकी निवासी संदीप कुमार के साथ हुआ था। 25 फरवरी को ससुराल में विद्या देवी की तबीयत खराब होने की सूचना मिली, जिस पर पारिवारिक जन विद्यावती को उसकी ससुराल से बेहोशी की हालत में लेकर आए थे।

तबीयत खराब होने पर परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों द्वारा लखनऊ रेफर कर दिया गया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में विद्यावती की मौत हो गई। परिजन शव को लेकर सराय दिलावर स्थित मकान लेकर चले आए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी पवन कुमार सोनकर ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


Next Story