भारत

एक्सिओम-4 मिशन पर नया अपडेट, इसरो चीफ वी नारायणन ने अहम जानकारी दी

jantaserishta.com
13 Jun 2025 9:36 AM IST
एक्सिओम-4 मिशन पर नया अपडेट, इसरो चीफ वी नारायणन ने अहम जानकारी दी
x
नई दिल्‍ली: पूरा देश इंतजार कर रहा था कि पहले भारतीय गगनयात्री को लेकर एक्सिओम-4 मिशन तय समय पर उड़ान भरेगा, लेकिन 11 जून को लॉन्च होने वाले मिशन को स्थगित करना पड़ा। हालांकि चौथी बार ऐसा हुआ कि मिशन को लॉन्च करने की तारीख बदली गई। भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी इसरो प्रमुख वी नारायणन ने एक्सिओम-4 मिशन में देरी का कारण बताया है।
इसरो ने प्रमुख वी. नारायणन के हवाले से आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट में लिखा, "इसरो, नासा, एक्सिओम स्पेस और स्पेसएक्स के साथ मिलकर अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) के ज्वेज्दा मॉड्यूल में देखी गई समस्या को जिम्मेदारी के साथ हल करने के लिए काम कर रहा है, जिसके कारण एक्सिओम मिशन 4 (एक्स-4) में देरी हुई है। सुरक्षा और मिशन की अखंडता हमारी शीर्ष प्राथमिकताएं बनी हुई हैं।"
11 जून को मिशन स्थगित करने की घोषणा करते हुए इसरो ने जानकारी दी थी कि लॉन्च से पहले टेस्टिंग के दौरान प्रोपल्शन बे में एलओएक्स रिसाव का पता चला था। इसरो ने "एक्स" पर लिखा था, "आईएसएस पर पहला भारतीय गगनयात्री भेजने के लिए 11 जून 2025 को लॉन्च होने वाले एक्सिओम 4 मिशन को टल गया। लॉन्च व्हीकल की तैयारी के तहत फाल्कन-9 रॉकेट के बूस्टर स्टेज के परफॉर्मेंस को जांचने के लिए लॉन्च पैड पर 7 सेकंड की हॉट टेस्टिंग की गई थी। इस टेस्टिंग के दौरान प्रोपल्शन बे में एलओएक्स के रिसाव का पता चला। इस तकनीकी समस्या पर इसरो, एक्सिओम स्पेस और स्पेसएक्स के विशेषज्ञों के बीच गहन चर्चा हुई, जिसके बाद रिसाव को ठीक करने और जरूरी परीक्षण दोबारा करने का निर्णय लिया गया। इसी कारण पहले भारतीय गगनयात्री को अंतरिक्ष भेजने वाला एक्सिओम-04 मिशन, जिसकी लॉन्चिंग 11 जून 2025 को होनी थी, उसे टाल दिया गया।"
इसके पहले 29 मई को एक्सिओम-4 मिशन की लॉन्चिंग थी। उस समय भी तकनीकी खामियों का सामना अंतरिक्ष एजेंसियों को करना पड़ा और नतीजतन इस मिशन में देरी हुई। एक्सिओम 4 मिशन के तहत चार देशों के चार एस्ट्रोनॉट्स को 14 दिन के लिए इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर भेजा जाना है। इसमें भारत की ओर से शुभांशु शुक्ला जाने वाले हैं। भारत सरकार ने इस ऐतिहासिक मिशन में भागीदारी के लिए 550 करोड़ रुपये मंजूर किए थे।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story