petrol: क्रूड ऑयल की कीमतों में जिस तरह से तेजी देखी जा रही है, उससे लग रहा है कि भारत में जल्द ही पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बड़ा इजाफा देखने को मिल सकता है। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के चलते कच्चे तेल के दाम करीब 6 महीने के उच्च स्तर पर पहुंच गए हैं। मार्च 2026 की एक्सपायरी वाला MCX क्रूड ऑयल फ्यूचर्स 6,050 रुपये प्रति बैरल पर पहुंच गया है।
रॉयटर्स के अनुसार, ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स आज शुक्रवार को 33 सेंट या 0.5% बढ़कर 71.99 डॉलर पर पहुंच गया। जबकि अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड 62 सेंट या 0.9% बढ़कर 67.05 डॉलर पर पहुंच गया।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान को परमाणु समझौते पर बातचीत करने का अल्टीमेटम देने के बाद, WTI क्रूड ऑयल फ्यूचर्स 66 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गया, जो छह महीने का उच्च स्तर है और साप्ताहिक आधार पर 5% से अधिक की बढ़त की ओर बढ़ रहा है। ट्रंप ने संकेत दिया कि बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए 10 से 15 दिनों से अधिक का समय नहीं दिया जाएगा।
अमेरिका ने मिडिल ईस्ट में अपनी सैन्य उपस्थिति भी 2003 में इराक पर हमले के बाद से सबसे अधिक स्तर तक बढ़ा दी है। इससे यह संभावना बढ़ गई है कि ईरान की परमाणु फैसिलिटीज पर पिछले जून में हुए हमले की तुलना में लंबी और व्यापक सैन्य कार्रवाई हो सकती है।





