भारत
राजस्थान हाउसिंग बोर्ड की नई स्कीम: कहीं 41 लाख में मकान, तो कहीं 1 करोड़ से ज्यादा में फ्लैट
jantaserishta.com
16 Oct 2026 4:18 PM IST

x
नई दिल्ली: राजस्थान हाउसिंग बोर्ड 17 अक्टूबर को जयपुर, भिवाड़ी और अजमेर के किशनगढ़ में नई आवासीय योजनाएं शुरू करेगा। इनमें मध्यम और उच्च आय वर्ग के लोगों के लिए मकान और फ्लैट उपलब्ध होंगे, जिनकी अनुमानित कीमत 41 लाख रुपये से लेकर 1 करोड़ रुपये से अधिक है। आवेदन की प्रक्रिया 17 अक्टूबर से 16 नवंबर तक चलेगी। इसके अलावा, जयपुर के इंदिरा गांधी नगर में अधिस्वीकृत पत्रकारों के लिए 144 फ्लैट की विशेष योजना भी प्रस्तावित है।
तीन शहरों में लॉन्च होंगी नई आवासीय योजनाएं
राजस्थान में अपना घर खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए हाउसिंग बोर्ड नई आवासीय योजनाएं लेकर आ रहा है। राजस्थान हाउसिंग बोर्ड (RHB) शनिवार को जयपुर, भिवाड़ी और अजमेर के किशनगढ़ में अलग-अलग योजनाएं लॉन्च करेगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा इन योजनाओं का शुभारंभ करेंगे।
इन योजनाओं में मध्यम आय वर्ग (MIG) और उच्च आय वर्ग (HIG) के लोगों के लिए मकान और बहुमंजिला इमारतों में फ्लैट उपलब्ध कराए जाएंगे। इनकी अनुमानित कीमत करीब 41 लाख रुपये से शुरू होकर 1 करोड़ रुपये से ज्यादा तक जाएगी।
योजनाओं के लिए आवेदन 17 अक्टूबर से शुरू होकर 16 नवंबर तक किए जा सकेंगे। अलग-अलग योजनाओं में मकानों और फ्लैटों के आकार, कीमत और भुगतान की शर्तें अलग रखी गई हैं।
किशनगढ़ में 90 स्वतंत्र मकान बनेंगे
अजमेर के पास किशनगढ़ में हाउसिंग बोर्ड की ओर से कुल 90 स्वतंत्र मकानों की योजना लाई जा रही है। खोड़ा गणेश रोड पर फेज-4 के तहत बनने वाले इन मकानों को तीन श्रेणियों में बांटा गया है।
MIG-A वर्ग में 120 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के 26 मकान बनाए जाएंगे। इनकी अनुमानित कीमत 41 लाख रुपये होगी। MIG-B श्रेणी में 162 वर्ग मीटर के 40 मकान प्रस्तावित हैं, जिनकी कीमत करीब 55 लाख रुपये रखी गई है। वहीं, HIG वर्ग के 210 वर्ग मीटर क्षेत्रफल वाले 24 मकान बनाए जाएंगे। इनकी अनुमानित लागत 69 लाख रुपये होगी।
इस योजना में 45 प्रतिशत मकानों के लिए नकद भुगतान और 55 प्रतिशत के लिए किस्तों का विकल्प रखा गया है। रजिस्ट्रेशन फीस MIG-A के लिए 54,034 रुपये, MIG-B के लिए 86,124 रुपये और HIG श्रेणी के लिए 1,28,714 रुपये तय की गई है।
जयपुर के प्रताप नगर स्थित सेक्टर-28 में ‘आरएचबी ग्रीनवुड’ नाम से बहुमंजिला फ्लैट योजना प्रस्तावित है। इसमें कुल 146 फ्लैट बनाए जाएंगे। इनमें HIG-1 श्रेणी के 55 और HIG-2 श्रेणी के 91 फ्लैट शामिल होंगे। 14 मंजिला इस योजना में HIG-1 फ्लैट की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 5 लाख रुपये और HIG-2 फ्लैट की कीमत करीब 74 लाख रुपये रखी गई है।
ये फ्लैट सेल्फ फाइनेंस स्कीम (SFS) के तहत बनाए जाएंगे। इस व्यवस्था में आवंटियों से दो से ढाई साल की अवधि के दौरान किस्तों में पूरी रकम ली जाएगी।
भिवाड़ी में 77 फ्लैट किए जाएंगे तैयार
अलवर के पास स्थित भिवाड़ी में हाउसिंग बोर्ड अरावली विहार योजना के तहत एक और बहुमंजिला आवासीय परियोजना शुरू करने जा रहा है। आठ मंजिला इस इमारत में कुल 77 फ्लैट बनाए जाएंगे। ये फ्लैट MIG-A, MIG-B और HIG श्रेणियों के लोगों के लिए होंगे। भुगतान के लिए यहां भी 45 प्रतिशत फ्लैट नकद और 55 प्रतिशत फ्लैट किस्तों के आधार पर आवंटित किए जाने की व्यवस्था रखी गई है।
पत्रकारों के लिए 144 फ्लैट की विशेष योजना
जयपुर के इंदिरा गांधी नगर में अधिस्वीकृत पत्रकारों के लिए भी आवासीय योजना प्रस्तावित है। जगतपुरा के पास सेक्टर-9 में बनने वाली इस परियोजना में MIG-B श्रेणी के 144 फ्लैट होंगे। नौ मंजिला इमारत में बनने वाले प्रत्येक फ्लैट का सुपर बिल्ट-अप एरिया 1,664 वर्गफुट होगा। ये तीन बेडरूम, हॉल और किचन (3BHK) वाले फ्लैट होंगे। इनकी अनुमानित कीमत 68 लाख रुपये तय की गई है।
योजना के तहत रजिस्ट्रेशन के समय 7,14,129 रुपये जमा कराने होंगे। फ्लैटों का आवंटन 45 प्रतिशत नकद भुगतान और 55 प्रतिशत किस्तों के आधार पर किया जाएगा। इस तरह हाउसिंग बोर्ड की नई योजनाओं में अलग-अलग आय वर्ग के लोगों के साथ-साथ अधिस्वीकृत पत्रकारों के लिए भी घर खरीदने का विकल्प उपलब्ध होगा।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





