भारत
रायपुर ट्रैफिक पुलिस की नई पहल, वाहन चालान का ऑनलाइन भुगतान भी आसान
Shantanu Roy
31 Oct 2026 8:58 PM IST

x
छग
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में वाहन चालकों की सुविधा और साइबर ठगी से बचाव के लिए यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने एक नई डिजिटल पहल की शुरुआत की है। अब वाहन मालिक अपने मोबाइल फोन से केवल एक क्यूआर कोड स्कैन कर वाहन के लंबित ई-चालान की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसके साथ ही वे घर बैठे सुरक्षित तरीके से ऑनलाइन चालान का भुगतान भी कर पाएंगे। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने इस सुविधा को 'Know Your Vehicle – अपने वाहन को जानें' नाम दिया है। इस अभियान का शुभारंभ पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने शांति नगर स्थित विमतारा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले, विभिन्न जोन के पुलिस उपायुक्त और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान क्यूआर कोड पोस्टर और डिजिटल प्रचार सामग्री का विमोचन किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को सरल, पारदर्शी और सुरक्षित यातायात सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से वाहन मालिकों को चालान की जानकारी प्राप्त करने के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
फर्जी चालान मैसेज और साइबर ठगी से मिलेगी सुरक्षा
वर्तमान समय में यातायात नियमों के उल्लंघन पर ई-चालान की जानकारी मोबाइल फोन पर भेजी जाती है। इसी व्यवस्था का फायदा उठाकर साइबर अपराधी कई बार वाहन चालकों को फर्जी चालान के नाम पर संदिग्ध लिंक भेजते हैं। इन लिंक पर क्लिक करने से लोगों की निजी और बैंकिंग जानकारी चोरी होने तथा आर्थिक नुकसान होने का खतरा रहता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए रायपुर यातायात पुलिस ने अधिकृत पोर्टल से जुड़ा क्यूआर कोड अभियान शुरू किया है। यह क्यूआर कोड सीधे परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट echallan.parivahan.gov.in से जुड़ा है। इसके जरिए नागरिक अपने वाहन पर दर्ज चालान की वास्तविक स्थिति की जांच कर सकेंगे और भुगतान कर पाएंगे।
पेट्रोल पंप से लेकर पुलिस थानों तक लगेंगे QR कोड
इस सुविधा को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने व्यापक प्रचार-प्रसार की योजना तैयार की है। शहर के सभी पेट्रोल पंपों, प्रदूषण जांच केंद्रों, अधिकृत ऑटोमोबाइल शोरूम, प्रमुख बैंक शाखाओं और वित्तीय संस्थानों में क्यूआर कोड लगाए जाएंगे। इसके अलावा रायपुर कमिश्नरेट के सभी पुलिस थानों, यातायात थानों और संबंधित कार्यालयों में भी क्यूआर कोड पोस्टर चस्पा किए जाएंगे। नागरिकों की सुविधा के लिए यह क्यूआर कोड रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के आधिकारिक फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स अकाउंट पर भी उपलब्ध रहेगा। इससे लोग बिना किसी कार्यालय में जाए अपने मोबाइल फोन से चालान की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
इन छह आसान चरणों में देखें और भरें चालान
यातायात पुलिस ने ई-चालान की जांच और भुगतान के लिए आसान प्रक्रिया भी बताई है।
1. सबसे पहले मोबाइल कैमरे से अधिकृत 'Know Your Vehicle' क्यूआर कोड स्कैन करें।
2. परिवहन विभाग की वेबसाइट खुलने पर 'Pay Challan' विकल्प चुनें और वाहन नंबर या चालान नंबर के साथ कैप्चा दर्ज करें।
3. इसके बाद स्क्रीन पर वाहन से संबंधित लंबित चालानों की जानकारी दिखाई देगी।
4. भुगतान के लिए संबंधित चालान का चयन कर 'Pay Now' विकल्प पर क्लिक करें।
5. डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग या यूपीआई के माध्यम से भुगतान पूरा करें।
6. भुगतान सफल होने के बाद ई-रसीद डाउनलोड कर सुरक्षित रख लें।
पुलिस के अनुसार, चालान भुगतान के बाद उससे संबंधित लंबित प्रक्रियाओं को पूरा करने में सुविधा मिलेगी। हालांकि किसी अन्य कारण से रुकी वाहन सेवाओं की बहाली संबंधित विभागीय नियमों के अनुसार होगी।
संदिग्ध लिंक से सावधान रहने की अपील
रायपुर यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान नंबर से आए चालान संबंधी मैसेज या संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। चालान की जांच और भुगतान के लिए हमेशा आधिकारिक वेबसाइट का ही उपयोग करें। क्यूआर कोड स्कैन करने के बाद वेबसाइट का पता अवश्य जांचें। यातायात संबंधी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 9479210632 जारी किया गया है। पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट और सीटबेल्ट का उपयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की भी अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि यह डिजिटल पहल नागरिकों की सुविधा बढ़ाने के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूकता लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
Next Story





