भारत

'नया भारत आतंकवाद और नक्सलवाद को नेस्तनाबूत कर रहा', दीपोत्सव में बोले CM योगी

SHIDDHANT
7 Nov 2026 8:17 PM IST
नया भारत आतंकवाद और नक्सलवाद को नेस्तनाबूत कर रहा, दीपोत्सव में बोले CM योगी
x
मुख्यमंत्री योगी बयान
अयोध्या। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में आयोजित दीपोत्सव 2026 के दौरान अपने संबोधन में नए भारत की बदलती तस्वीर और देश की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने अविश्वास, अराजकता, आतंकवाद, नक्सलवाद और भ्रष्टाचार की छवि से बाहर निकलकर नई पहचान बनाई है। आज 140 करोड़ देशवासी बदलते भारत को देख रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नया भारत अपनी विरासत को सुरक्षित रखते हुए बिना किसी भेदभाव के सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश आतंकवाद को नेस्तनाबूत करने, नक्सलवाद को समाप्त करने और अराजकता के खिलाफ लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ा रहा है।
विकसित भारत के संकल्प का किया जिक्र
योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि विरासत, विकास और लोक कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरी ओर कुछ लोग इस व्यवस्था को प्रभावित करने के लिए अराजकता पैदा करने और देश को अस्त-व्यस्त करने की साजिशें रच रहे हैं। मुख्यमंत्री ने ऐसे लोगों पर निशाना साधते हुए उनके लिए 'कोप भवन में बैठे मंथरा और मारीच' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया।
दीपोत्सव से दिया संघर्ष और संकल्प का संदेश
मुख्यमंत्री ने दीपोत्सव को रामभक्तों के लिए विशेष संदेश बताते हुए कहा कि चुनौतियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, अगर नीयत साफ हो, नीति स्पष्ट हो और जनता के प्रति प्रतिबद्धता मजबूत हो तो कोई भी ताकत सफलता का रास्ता नहीं रोक सकती। उन्होंने समुद्र और जंगल जैसी कठिन चुनौतियों का उदाहरण देते हुए कहा कि दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने वालों को सफलता जरूर मिलती है। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने 'धर्मेव जयते' और 'सत्यमेव जयते' के महत्व को रेखांकित किया। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दीपोत्सव केवल धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि सत्य, धर्म, संकल्प और सकारात्मकता के संदेश को आगे बढ़ाने का अवसर भी है।
Next Story