भारत

केतन अग्रवाल मर्डर केस में चार्जशीट से सामने आई साजिश की नई बातें

jantaserishta.com
20 Sept 2026 1:50 PM IST
केतन अग्रवाल मर्डर केस में चार्जशीट से सामने आई साजिश की नई बातें
x
कैफे मीटिंग से लेकर मोबाइल डेटा तक जांच में कई सुराग.
पुणे: पुणे के केतन अग्रवाल मर्डर केस की जांच में पुलिस ने कई अहम डिजिटल और तकनीकी सबूत मिलने का दावा किया है। पुलिस ने शनिवार को मामले में 5,053 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की। इसमें बताया गया है कि केतन को लोहागढ़ किले तक लाने के लिए एक फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट तैयार किया गया था। इस अकाउंट पर ‘माही’ नाम इस्तेमाल किया गया और एक परिचित महिला की तस्वीर लगाई गई थी।
पुलिस के अनुसार, इसी फेक आईडी से केतन को मैसेज भेजे गए और 18 जून को सिया के जन्मदिन के सरप्राइज के नाम पर लोहागढ़ आने के लिए कहा गया। जांच में पुलिस ने आरोप लगाया है कि सिया और चेतन ने रितेश की मदद से यह अकाउंट तैयार करवाया था। घटना के बाद अकाउंट को हटा दिया गया।
शुरुआत में हादसा माना गया, जांच में हत्या का आरोप
18 जून को केतन और सिया लोहागढ़ किले पहुंचे थे। बाद में केतन की मौत खाई में गिरने से हुई। शुरुआती जानकारी में इसे दुर्घटना बताया गया था। कहा गया था कि चट्टान के पास तस्वीर लेते समय उसका पैर फिसल गया था।
जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को टिकट काउंटर के आसपास लगे CCTV में एक हुडी पहने व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस ने उसकी पहचान चेतन चौधरी के तौर पर की। चार्जशीट में चेतन को सिया का प्रेमी बताया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 14 जून को भी सिया केतन को लोहागढ़ लेकर गई थी। चार्जशीट में दावा किया गया है कि उस दौरान उसे चट्टान से नीचे धकेलने की कोशिश हुई, लेकिन वह झाड़ियों को पकड़कर बच गया।
कैफे मीटिंग से लेकर मोबाइल डेटा तक जांच में कई सुराग
चार्जशीट के अनुसार, 17 जून को सिया और चेतन पुणे के एक कैफे में मिले थे। पुलिस का दावा है कि दोनों ने लोहागढ़ के वीडियो और नक्शे देखकर घटना से जुड़ी योजना पर चर्चा की। पुलिस ने यह भी कहा है कि वहां के आसपास के इलाके में केतन को धक्का देने के तरीके की कथित प्रैक्टिस की गई थी।
जांच में सिया और चेतन के फोन रिकॉर्ड भी खंगाले गए। पुलिस के मुताबिक दोनों के बीच हजारों बार बातचीत हुई थी और कई कॉल काफी देर तक चली थीं। इन रिकॉर्ड को पुलिस ने मामले से जुड़ा डिजिटल सबूत बताया है।
पुलिस का आरोप है कि घटना वाले दिन चेतन ने अपना मोबाइल ऑफिस में छोड़ दिया था। सुबह करीब 7 बजे से शाम 5:40 बजे तक उसके फोन का इंटरनेट बंद रहने की बात भी चार्जशीट में दर्ज है। जांच एजेंसी का दावा है कि ऐसा उसकी लोकेशन छिपाने के लिए किया गया।
सर्च हिस्ट्री और फर्जी अकाउंट की भी जांच
पुलिस के अनुसार, सिया की ऑनलाइन सर्च हिस्ट्री में लोहागढ़ में 2025 के दौरान एक महिला की पहाड़ी से गिरने से हुई मौत से संबंधित जानकारी मिली। इसके अलावा राजा रघुवंशी हत्याकांड से जुड़ी सर्च का भी पुलिस ने उल्लेख किया है।
चार्जशीट में हत्या से जुड़े कंटेंट देखने और पुलिस से बचने के तरीकों पर पॉडकास्ट सुनने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने यह दावा भी किया है कि आरोपियों ने साजिश से संबंधित जानकारी के लिए ChatGPT का इस्तेमाल किया था।
तीसरे आरोपी रितेश पर भी पुलिस ने लगाए आरोप
मामले में रितेश हांगे को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस के मुताबिक, बेंगलुरु में रहने वाले रितेश के एक दोस्त के जरिए केतन की हत्या के लिए सुपारी देने की कोशिश की गई थी। पुलिस का दावा है कि यह योजना सफल नहीं हुई। जिस व्यक्ति के जरिए कथित तौर पर संपर्क किया गया था, उसे पुलिस ने गवाह बनाया है।
चार्जशीट में करीब 80 से 85 गवाहों के बयान शामिल किए गए हैं। इनमें कुछ ऐसे गवाह भी बताए गए हैं, जिन्होंने घटना के समय सिया और चेतन को देखने की बात कही है। पुलिस ने WhatsApp चैट, तस्वीरें, मोबाइल डेटा, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, CCTV फुटेज और तकनीकी जांच को केस के प्रमुख सबूतों में शामिल किया है।
सिया गोयल, चेतन चौधरी और रितेश हांगे फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं और पुणे की यरवदा सेंट्रल जेल में बंद हैं। नवंबर 2025 में सिया और केतन की सगाई हुई थी।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story