भारत

New Delhi: लोकसभा में आज आज दोपहर 12 बजे वक्फ संशोधन बिल पेश किया जाएगा

Admindelhi1
2 April 2025 10:58 AM IST
New Delhi: लोकसभा में आज आज दोपहर 12 बजे वक्फ संशोधन बिल पेश किया जाएगा
x
"इस बिल पर चर्चा के लिए 8 घंटे का समय रखा गया है"

नई दिल्ली: संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू इस बिल को लोकसभा में पेश करेंगे। इस बिल पर चर्चा के लिए 8 घंटे का समय रखा गया है लेकिन सरकार ने कहा है कि अगर सदन की सहमति होगी तो चर्चा का वक्त बढ़ाया भी जा सकता है। सरकार की तरफ से आज ही चर्चा का जवाब भी दिया जाएगा। वहीं सत्तारूढ़ दल बीजेपी ने अपने सभी सांसदों के लिए व्हिप जारी कर आज सदन में मौजूद रहने को कहा है। इसी तरह से TDP और JDU ने अपने सांसदों को व्हिप जारी कर दिया है। उधर वक्फ बिल का विरोध करने के लिए विपक्ष भी लामबंद है।

विपक्ष के संशोधनों को नहीं माना गया: अतुल लोंढे, कांग्रेस

वक्फ संशोधन विधेयक पर कांग्रेस नेता अतुल लोंढे का कहना है, "विपक्ष ने जेपीसी में जो भी संशोधन बताए थे, उन संशोधनों को लागू नहीं किया गया। जब संसद में कैबिनेट के सामने बिल रखा गया, तो विपक्ष का संशोधन उसमें नहीं रखा गया। फिर बाद में हंगामा हुआ, उसके बाद पता चला कि 44 संशोधनों में से 14 को मंजूरी मिली। वे (सरकार) जेपीसी में क्लॉज-बाय-क्लॉज चर्चा नहीं चाहते। 31 सदस्यों वाली जेपीसी में 20 एनडीए के हैं और 1 चेयरमैन, यानी 21 एनडीए के हैं और 10 विपक्ष के हैं।"

गरीब मुसलमानों के उत्थान के लिए वक्फ संशोधन बिल: नुमाल मोमिन

वक्फ संशोधन विधेयक पर असम विधानसभा के उपाध्यक्ष नुमाल मोमिन ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ये बहुत अच्छी पहल है जो हमारे देश के गरीब मुसलमानों के उत्थान के लिए है। कांग्रेस की विचारधारा हमेशा गरीब मुस्लिम समुदाय का शोषण करने की रही है। वे नहीं चाहते कि गरीब मुसलमानों को बेहतर सुविधाएं मिलें। वे इन गरीब मुस्लिम लोगों का शोषण करना चाहते हैं। अगर ये बिल पारित हो जाता है, तो गरीब मुस्लिम लोगों को एक अवसर मिलेगा। मैं इस वक्फ बिल का समर्थन करता हूं और कांग्रेस की विचारधारा की निंदा करता हूं।"

संपत्तियों का सही तरीके से होगा नियोजन: विनोद बंसल

वीएचपी नेता विनोद बंसल ने कहा, 'मैं सब को शुभकामनाएं देता हूं कि इस बिल से देश की संपत्तियों की सुरक्षा होगी और सही तरीके से नियोजन होगा। गरीब और वंचित वर्ग के लिए कल्याणकारी होगा। लाखों हेक्टेयर जमीन वक्फ बोर्ड के पास है चाहे वह कब्जाई हुई है या फिर अधिकृत है लेकिन उसे किसी का कोई भला नहीं हो रहा। बस चंद मुस्लिम तंजीमोन और उलेमा उन संपत्तियों पर कब्जा करके बैठे हैं। इतनी संपत्तियों को नियमित किया जाए तो इतना किराया आएगा कि लोगों का फायदा होगा। इस बिल के आने से पहले जिस तरह का प्रोपेगेंडा और बरगलाने की कोशिश की जा रही है वह निंदनीय है। मुस्लिम समुदाय को कट्टरपंथियों से दूर रहना चाहिए। जो संसद में बिल आ रहा है उसका अध्ययन कीजिए समाज को बताइए और फिर उसका विरोध कीजिए कोई दिक्कत नहीं है लेकिन भारत में किसी तरह की हिंसा की कोई जगह नहीं है।

पिछड़े और अतिपिछड़े मुसलमानों के लिए सबसे बड़ी 'ईदी': मोहसिन रजा

बीजेपी नेता और यूपी के पूर्व मंत्री मोहसिन रजा ने कहा, "देश के सभी दलित और पिछड़े मुस्लिम भाई-बहनों की ओर से मैं प्रधानमंत्री मोदी जी को इस वक्फ संशोधन विधेयक 2024 के लिए धन्यवाद देता हूं। यह पिछड़े और अतिपिछड़े मुसलमानों के लिए पीएम मोदी की ओर से सबसे बड़ी 'ईदी' होगी।"

विपक्ष के उठाए गए मुद्दों पर विचार किया जाना चाहिए: किरण कुमार चमाला

कांग्रेस सांसद किरण कुमार चमाला ने कहा, "निश्चित रूप से, हम इस विधेयक का विरोध करेंगे यदि इसमें कुछ ऐसा है जो किसी विशेष समुदाय के खिलाफ है या उस समुदाय को खत्म करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने (सरकार ने) इस पर चर्चा करने के लिए आज आठ घंटे का समय दिया है। हमारा अंतिम एजेंडा यह है कि जब चर्चा हो, तो विपक्ष या सत्ताधारी पार्टी के सदस्यों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर विचार किया जाना चाहिए क्योंकि यह एक लोकतांत्रिक मंच है, उन्हें जेपीसी की तरह बुलडोजर नहीं चलाना चाहिए।"

बीजेपी जबरन विधेयक को पारित कराने की कोशिश कर रही है-खलीकुर रहमान

वक्फ संशोधन विधेयक पर कांग्रेस के खलीकुर रहमान ने कहा, "पूरी प्रक्रिया बहुत ही असंवैधानिक तरीके से की जा रही है। जिस तरह से जेपीसी ने पूरी प्रक्रिया को अंजाम दिया है, वह बेहद निराशाजनक है। जेपीसी से इस तरह की कार्यवाही की उम्मीद नहीं थी क्योंकि विपक्षी दलों के अधिकांश जेपीसी सदस्यों द्वारा प्रस्तुत सभी सिफारिशों पर विचार नहीं किया गया है और इसके बजाय, भाजपा चीजों को जबरन थोपने और विधेयक को पारित करने की कोशिश कर रही है... हम पहले दिन से ही बहुत स्पष्ट हैं कि हमने इन संशोधनों को खारिज कर दिया है, और यहां तक ​​कि हमारी सरकार ने भी इसे खारिज कर दिया है।"

सरकार इस विधेयक को वापस ले: जिया उर रहमान बर्क

वक्फ संशोधन विधेयक पर संभल से समाजवादी पार्टी के सांसद जिया उर रहमान बर्क ने कहा, "हम इस विधेयक का विरोध इसलिए कर रहे हैं क्योंकि इस विधेयक में कई ऐसी बातें हैं जो हमारे लोगों के अधिकारों को छीन रही हैं। जब सरकार ने इसे JPC के पास भेजा था, तो हमें थोड़ी उम्मीद थी कि शायद इसमें जो कमियां हैं, उन्हें दूर कर लिया जाएगा, लेकिन यह सिर्फ औपचारिकता थी, और रिपोर्ट सिर्फ उनकी मर्जी के मुताबिक पेश की गई। जब यह विधेयक सदन में आएगा, तो हम इसका कड़ा विरोध करेंगे। सरकार के पास भले ही बहुमत का आंकड़ा हो, लेकिन उसके सहयोगी जानते हैं कि अगर उन्होंने इस विधेयक का समर्थन किया, तो आने वाले समय में उन्हें बहुत नुकसान उठाना पड़ेगा। इसलिए हम चाहते हैं कि सरकार तानाशाही करना बंद करे और इस विधेयक को वापस ले।"

नागपुर का कानून थोपना चाहती है बीजेपी: तेजस्वी

वक्फ संशोधन बिल पर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "यह असंवैधानिक विधेयक है। हम संविधान को मानने वाले लोग हैं। भाजपा के लोग नागपुर का कानून थोपना चाहते हैं, यह हमें कतई मंजूर नहीं है। हम गंगा-जमुनी तहजीब में विश्वास करते हैं, हमारे देश की विविधता ही इसकी खूबसूरती है। हमने शुरू से ही संसद के दोनों सदनों के साथ-साथ बिहार विधानसभा या बिहार विधान परिषद में भी इस विधेयक का विरोध किया है। आने वाले समय में भी हम इसका विरोध करेंगे। ऐसा विधेयक हमें कभी मंजूर नहीं होगा। लालू जी अपनी खराब सेहत के बावजूद भी विरोध में शामिल हुए। इसलिए हम स्पष्ट हैं कि हम इस विधेयक को कभी स्वीकार नहीं करेंगे।"

जल्दबाजी में यह कानून बना रही है सरकार: प्रशांत किशोर

वक्फ संशोधन विधेयक पर जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा, "यह दुर्भाग्यपूर्ण है। मुसलमानों का एक बड़ा वर्ग वक्फ विधेयक से खुद को खतरे में महसूस कर रहा है। मुझे लगता है कि सरकार ध्रुवीकरण की राजनीति के लिए जल्दबाजी में यह कानून बना रही है। सरकार के पास लोकसभा में बहुमत नहीं है। वे यह कानून इसलिए ला पा रहे हैं क्योंकि नीतीश कुमार जैसे लोग सरकार का समर्थन कर रहे हैं; अगर नीतीश कुमार जैसे नेता लोकसभा में इस विधेयक के समर्थन में वोट नहीं करते हैं, तो सरकार इसे कभी कानून नहीं बना सकती।

वक्फ संशोधन विधेयक विवादास्पद मुद्दा: फरीद अहमद निजामी

वक्फ संशोधन विधेयक पर दरगाह हजरत निजामुद्दीन औलिया के सज्जादानशीन सैयद फरीद अहमद निजामी ने कहा, "वक्फ संशोधन विधेयक भारत में एक विवादास्पद मुद्दा बन गया है। हमने भी अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री से मुलाकात की और कुछ आपत्तियां उठाईं, खासकर 'वक्फ बाय यूजर' पर। मैं भी एक वकील हूं और मुझे वक्फ की बारीकियां पता हैं। इसलिए, हमारे पास कुछ मुद्दे थे और उन्होंने हमें धैर्यपूर्वक सुना और हमें आश्वासन दिया कि वे इस पर गौर करेंगे। मुझे नहीं पता कि क्या संशोधन किया गया है..."

कई राजनैतिक दलों के सपनों को चकनाचूर कर देगा यह बिल-मांझी

हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने कहा कि वक़्फ़ संशोधन बिल 2025 कई राजनैतिक दलों के सपनों को चकनाचूर कर देगा।जो दल अभी तक वक़्फ़ बिल को लेकर मुसलमानों को भड़काने का काम कर रहे थे उन्हें हमारी सरकार करारा जवाब देने जा रही है। वक़्फ़ संशोधन बिल जिस दिन पास होगा उस दिन देश के हर मुसलमान कहेगें “मोदी है तो सबकुछ मुमकिन है”।

Next Story