भारत

New Delhi: दिल्ली में घर का सपना होगा पूरा, DDA की योजना में मिलेंगे फ्लैट्स

Admindelhi1
16 Jun 2025 4:48 PM IST
New Delhi: दिल्ली में घर का सपना होगा पूरा, DDA की योजना में मिलेंगे फ्लैट्स
x
"पहले आओ पहले पाओ योजना में मिलेंगे DDA फ्लैट्स"

नई दिल्ली: डीडीए की नई आवासीय योजना में पहले आओ पहले पाओ की युक्ति कितनी कारगर साबित होगी, यह तो योजना की समाप्ति के बाद ही सामने आएगा। लेकिन अभी इस युक्ति का असर अवश्य दिख रहा है। लोगों में योजना में शामिल होने के लिए आकर्षण भी बना हुआ है। योजना में शामिल होने के लिए 27 अगस्त तक का समय रखा गया है।

डीडीए की पहले आओ पहले पाओ योजना में रुझान का एक प्रमुख कारण इसके फ्लैट्स पर 25 फीसदी तक का डिस्काउंट भी खास माना जा रहा है। करीब 7500 फ्लैट्स की योजना में फिलहाल 1 हजार से अधिक फ्लैट्स की बुकिंग हो चुकी है। रोजाना तकरीबन 75 से अधिक कॉल भी डीडीए के कॉल सेंटर में जानकारी के लिए आ रही हैं।

डीडीए के अधिकारी के अनुसार इस योजना में हरेक वर्ग को ध्यान में रखते हुए फ्लैट्स रखे गए हैं। सिरसपुर में 564 एलआईजी, लोकनायकपुरम में 150 एलआईजी और 96एमआईजी फ्लैट्स और नरेला में सभी वर्ग के लिए हरेक तरह के फ्लैट्स हैं। डीडीए का कहना है कि योजना को लेकर लोगाें में रुझान का इससे ही पता चलता है कि पहले ही दिन 500 से अधिक लोगों ने रजिस्ट्रेशन के बाद फ्लैट्स की बुकिंग कराई थी। योजना में 27 मई को ऑनलाइन बुकिंग शुरु हुई थी। डीडीए की इस नई आवास योजना में फ्लैट्स पर 25 फीसदी तक छूट भी रखी गई है। इसमें अधिकतर फ्लैट्स पिछली स्कीम में बिक्री से बच गए थे।

यह दस्तावेज है जरूरी

- ऑनलाइन माध्यम से ही फ्लैट्स की इस योजना में शामिल हो सकते हैं

-आवेदक भारत का नागरिक होना चाहिए

-आवेदक की उम्र 18 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए

-फ्लैट्स के आवंटन के बाद उसमें कोई परिवर्तन न करने का हलफनामा भी देना होगा

-गरीब वर्ग ईडब्ल्यूएस श्रेणी के परिवार की सालाना आय 10 लाख से अधिक नहीं होनी चाहिए, प्रमाण पत्र भी देना होगा ईडब्ल्यूएस श्रेणी का

- आवेदक के पास वैध पैन नंबर आवश्यक

-दिव्यांग के साथ संयुक्त रूप से आवेदन करने वाला व्यक्ति करीबी परिवार का सदस्य हो

-डीडीए से पहले कोई फ्लैट न लिया हो

-ईडब्ल्यूएस श्रेणी में फ्लैट्स बुकिंग के लिए 50 हजार रुपये, एलआईजी के लिए 1 लाख रुपये, एमआईजी के लिए 4 लाख व एचआईजी श्रेणी के फ्लैट्स बुक करने के लिए 10 लाख रुपये राशि जमा करनी होगी।

Next Story