New Delhi: पाकिस्तान ने फिर किया सीजफायर उल्लंघन, पूंछ और उरी में युद्ध जैसी स्थिति

नई दिल्ली: 'ऑपरेशन सिंदूर' से बौखलाए पाकिस्तान ने बीती रात लगातार भारत के अलग-अलग शहरों में हवाई हमले किए, लेकिन भारतीय सैन्य कर्मियों ने उसकी हर कोशिश नाकाम कर दी। भारतीय सेना की तरफ से जवाबी कार्रवाई जारी है। वहीं पाकिस्तान से बढ़ते तनाव को देखते हुए भारत सरकार लगातार उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर आगे की रणनीति तैयार करने में जुटी है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को पाकिस्तान के साथ चल रहे संघर्ष के बीच तीनों सेनाओं के पूर्व प्रमुखों सहित कई पूर्व सैन्य अधिकारियों के साथ व्यापक बातचीत की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इनमें सेना, वायुसेना और नौसेना के पूर्व प्रमुखों के अलावा देश की सेवा कर चुके अन्य सेवानिवृत्त अधिकारी भी शामिल हैं।
भारतीय प्रतिष्ठानों को 8 और 9 मई की मध्य रात्रि को निशाना बनाने के पाकिस्तानी प्रयासों का सशस्त्र बलों द्वारा आनुपातिक और पर्याप्त रूप से जवाब दिए जाने के साथ ही पाकिस्तान के साथ संघर्ष तीव्र हो गया। विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि पाकिस्तान ने सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने के लिए भारतीय हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने भारतीय सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने के लिए लेह से सर क्रीक तक 36 स्थानों पर 300-400 ड्रोन भेजे और भारतीय सेना ने इन ड्रोन को मार गिराया।
पाकिस्तान ने 400 से अधिक ड्रोन से किया हमला: कल (शुक्रवार) विदेश मंत्रालय की प्रेस कॉन्फ्रेंस में सौफिया कुरैशी ने कहा है कि पाकिस्तान ने गुरुवार शाम को एक बार फिर भड़काने वाली नापाक हरकत करते हुए भारतीय सीमाओं का उल्लंघन किया तथा तुर्किए के करीब 300 से 400 ड्रोन से भारतीय सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने तथा 36 जगहों पर घुसपैठ की असफल कोशिश की जिसका भारतीय सशस्त्र बलों ने करारा जवाब दिया और पाकिस्तान के चार वायु रक्षा ठिकानों पर जोरदार कार्रवाई की।
सौफिया ने कहा कि पाकिस्तान ने हमले के दौरान जानबूझ कर नागरिक हवाई क्षेत्र को बंद नहीं किया और नागरिक विमानों का ढाल के रूप में इस्तेमाल किया। साथ ही भारत ने ननकाना साहिब गुरूद्वारे पर हमले के पाकिस्तान के आरोप को भ्रामक बताते हुए खारिज कर दिया और कहा कि इस तरह के भ्रामक दुष्प्रचार से पाकिस्तान भारत में सांप्रदायिक विवाद पैदा करना चाहता है। विदेश सचिव विक्रम मिस्री, सेना की कर्नल सौफिया कुरैशी और वायु सेना की विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने शुक्रवार शाम यहां एक संवाददाता सम्मेलन में पहलगाम हमले के बाद सशस्त्र सेनाओं द्वारा चलाये जा रहे ऑपरेशन सिंदूर के बारे में जानकारी दी।





