New Delhi: भारत का गौरव बढ़ाएगा नया रेलवे ब्रिज, पीएम मोदी कुछ ही देर में करेंगे लोकार्पण

नई दिल्ली: पहलगाम में आतंकी हमले के बाद पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर पहुंचे। वे कुछ ही देर में दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे ब्रिज का उदघाटन करेंगे। प्रधानमंत्री आज कटरा से श्रीनगर के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाएंगे।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पीएम पहली बार जम्मू-कश्मीर पहुंचे। पीएम मोदी आज चिनाब नदी पर बने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे ब्रिज और देश के पहले केबल-स्टे अंजी ब्रिज का उद्घाटन करेंगे। पीएम यहां कुल 46 हजार करोड़ की परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस ब्रिज के साथ ही कटरा से श्रीनगर तक वंदे भारत ट्रेन को भी पीएम मोदी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
दोपहर 12 बजे पीएम मोदी कटरा से श्रीनगर के लिए दो वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। वहीं, रेलवे ने बताया कि उधपुर-श्रीनगर-बारामुला रेलवे लिंक परियोजना की कुल लंबाई करीब 272 किमी। है और इसको बनाने में 43 हजार करोड़ से ज्यादा खर्च हुए हैं। इस परियोजना में 36 सुरंगे और 943 पुल भी शामिल हैं।
रेलवे ब्रिज करीब 359 मी. की ऊंचाई पर है, जो एफिल टॉवर से भी 35 मी. ऊंचा है
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी दी कि चिनाब नदी पर बना 1 किमी. से ज्यादा लंबा रेलवे ब्रिज करीब 359 मी. की ऊंचाई पर है, जो एफिल टॉवर से भी 35 मी. ऊंचा है। उन्होंने बताया कि यह ब्रिज 260 किमी. प्रति घंटे की हवा और भूकंपीय जोन-ट झेल सकता है। इसको बनाने में लगभग 27000 मीट्रिक टन स्टील प्रयोग हुई है। वहीं, इसकी लंबाई 1315 मीटर है. इस परियोजना की शुरुआत अगस्त 2004 में हुई थी।
10 घंटे का सफर करीब 3 घंटे में पूरा होगा: आजादी के 77 साल बाद भी कश्मीर बर्फबारी के सीजन में देश के दूसरे हिस्सों से कट जाता है। नेशनल हाईवे-44 बंद होने से घाटी जाने का बंद हो जाता है। इसके अलावा भी सड़क के रास्ते जम्मू से कश्मीर जाने में 8 से 10 घंटे का समय लग जाता था। ट्रेन शुरू होने से यह सफर करीब तीन घंटे में पूरा हो जाएगा।





