New Delhi: एमसीडी में डॉक्टरों की बैठक, बजट में नियमितीकरण के लिए जताया आभार

नई दिल्ली: दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा से निगम के डॉक्टरों ने मुलाकात की और बजट में वर्ष 2016 तक नियुक्त अनियमित डॉक्टरों को नियमित करने के प्रावधान के लिए आभार व्यक्त किया। डॉक्टरों ने इस कदम को स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
डॉक्टरों ने बातचीत के दौरान बताया कि लंबे समय से सेवा सुरक्षा से जुड़ी अनिश्चितता के कारण उन्हें अनेक व्यावहारिक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा था। अध्यक्ष ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा आश्वस्त किया कि निगम डॉक्टरों के हितों की रक्षा और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।
सत्या शर्मा ने कहा कि डॉक्टर निगम की स्वास्थ्य व्यवस्था की अहम कड़ी हैं और उनकी निष्ठा एवं समर्पण से ही नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो पाती हैं। उन्होंने कहा कि यह निर्णय डॉक्टरों के मनोबल को मजबूत करेगा एवं दिल्ली की स्वास्थ्य सेवाओं को नई गति देगा।





