New Delhi: राजधानी दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं का बड़ा विस्तार

नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने चार अस्पतालों में नए ब्लॉक के निर्माण का काम पूरा कर लिया है। इसे अगस्त से चालू करने की तैयारी चल रही है। जिससे दिल्ली के लोगों को 1383 नए अस्पताल बेड उपलब्ध होंगे। इन चारों नए ब्लॉक का काम समय से फंड नहीं मिलने से प्रभावित हुआ और कई डेडलाइन के बाद आखिर पूरा कर लिया गया है। इस पर करीब 400 करोड़ रूपए खर्च हुए हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता इन अस्पतालों के नए ब्लॉक का उद्घाटन करेंगी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रघुबीर नगर में गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल में 472 बेड के नए ब्लॉक का निर्माण अक्तूबर 2019 में काम शुरू किया गया था। अप्रैल 2021 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा था। करीब 135 करोड़ के इस प्रोजेक्ट में अब भवन बनकर तैयार हो गया है।
पीडब्ल्यूडी के मुताबिक विद्युतीकरण का काम भी पूरा कर लिया गया है। मोती नगर में आचार्य श्री भिक्षु अस्पताल के नए भवन का काम भी पूरा कर लिया गया है। इसमें 270 नए बेड जोड़े जा रहे हैं। दादा देव मातृ एवं शिशु चिकित्सालय के पुनरूद्धार का कार्य पूरा कर लिया गया है। नया भवन अस्पताल की बेड क्षमता को मौजूदा क्षमता से 3 गुना यानी 106 बेड से लगभग 387 बेड तक बढ़ा देगा।
वहीं, मंगोलपुरी स्थित संजय गांधी अस्पताल परिसर में ही दिल्ली का सबसे बड़ा ट्रॉमा सेंटर बनाने का काम सितम्बर, 2019 में शुरू किया गया और मार्च 2021 में इसे पूरा होना था। अब काम लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन ट्रॉमा सेंटर में मरीजों को लेकर जाने के लिए रैंप ही नहीं बनाया गया है। पूरे अस्पताल में कहीं रैंप नहीं है। अब इसे बनाया जा रहा है।
नई बिल्डिंग में 42 आईसीयू बेड होंगे, जिनमें 14 बेड मेडिकल आईसीयू , 14 बेड सर्जिकल आईसीयू और 14 बेड ऑर्थोपेडिक आईसीयू के लिए होंगे। इस ट्रॉमा ब्लॉक के चालू होने के बाद अस्पताल की कुल बेड क्षमता 300 से बढ़कर 662 हो जाएगी। जो कार्य पिछली सरकार द्वारा अधूरे छोड़े गए थे, उसे भाजपा सरकार ने तेजी से पूरा कराया है।
बता दें कि दिल्ली में कोविड महामारी के दौरान 2020 और 2021 में शुरू किए गए 11 अस्पतालों के निर्माण में हाल के महीनों में तेज प्रगति हुई है। इन नए अस्पतालों के साथ 13 मौजूदा स्वास्थ्य सुविधाओं के निर्माण के लिए 10,250 करोड़ रुपए से अधिक और उनके संचालन के लिए सालाना 8, 000 करोड़ रुपए की आवश्यकता है।
सूत्रों ने बताया कि भाजपा सरकार उन अस्पतालों पर पहले ध्यान दे रही है, जहां पहले चरण में थोड़ा ही काम बाकी है। जिन अस्पतालों को पूरा करने के लिए अधिक समय और धन की आवश्यकता है, उन्हें दूसरे चरण में पूरा किया जाएगा। सरकार ने निर्माणाधीन स्वास्थ्य सुविधाओं को पूरा करने के लिए 2025-26 के बजट में 2,000 करोड़ रुपए आवंटित किए हैं।
इन अस्पतालों में तैयार हुए नए ब्लॉक:
- आचार्य श्री भिक्षु अस्पताल 270 नए बेड
- दादा देव मातृ एवं शिशु चिकित्सालय 281 बेड
- गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल 472 बेड
- संजय गांधी अस्पताल परिसर में ट्रॉमा सेंटर 362 बेड





