भारत

भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से नेतन्याहू ने की बात, बहादुरी की जमकर सराहना

SHIDDHANT
4 Oct 2026 12:06 AM IST
भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से नेतन्याहू ने की बात, बहादुरी की जमकर सराहना
x
तेल अवीव। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से बातचीत की और उनकी बहादुरी की सराहना की। मच्छार विमान के कॉकपिट में हुए हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
फ्लाईदुबई की यह उड़ान दुबई से तेल अवीव जा रही थी। उड़ान के दौरान कॉकपिट में कैप्टन मच्छार पर उनके सह-पायलट ने कथित तौर पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों के बावजूद मच्छार कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे, जिसके बाद यात्रियों और क्रू सदस्यों ने हमलावर को काबू किया। बाद में विमान को सऊदी अरब के तबूक में सुरक्षित उतारा गया।
नेतन्याहू ने मच्छार को उनकी सूझबूझ और साहस के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने इससे पहले भी सार्वजनिक रूप से भारतीय पायलट की प्रशंसा करते हुए उन्हें एक सच्चा हीरो बताया था। नेतन्याहू के मुताबिक, मच्छार की कार्रवाई ने विमान में सवार 174 लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
घटना के बाद कैप्टन मच्छार को अस्पताल में भर्ती कराया गया। भारतीय अधिकारियों के मुताबिक, उनकी हालत में सुधार हो रहा है और उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इस घटना की जांच जारी है। हमले के पीछे की परिस्थितियों और मकसद को लेकर संबंधित अधिकारी जांच कर रहे हैं। कई देशों के नेताओं ने कैप्टन मच्छार की मुश्किल परिस्थितियों में दिखाई गई सूझबूझ और साहस की प्रशंसा की है।
Next Story